- Hindi News
- National
- Jhunjhunu News Rajasthan News Corona Investigation Of 37 Tourists From England As Team Leader Was From Italy
कोरोना; इंग्लैंड से घूमने आए 37 सैलानियों की जांच, क्योंकि टीम लीडर इटली का था
चिकित्सा विभाग ने पिछले दिनों इटली से आए पर्यटक दंपती में कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद से मंडावा में विदेशी पर्यटकों की स्क्रीनिंग की जा रही है। मंगलवार को इंग्लैंड से आए 37 पर्यटकों की अलसीसर में स्वास्थ्य की जांच की गई। इनमें किसी भी पर्यटक में कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए। इस बीच, मंडावा में बुधवार से चिकित्सा विभाग की पांच टीमों ने तीन किलोमीटर एरिया में एक बार फिर सर्वे का काम शुरू कर दिया है। पहले किए गए सर्वे में कोई भी संदिग्ध नहीं मिला था। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि धुलंडी के दिन इंग्लैंड से 37 विदेशी पर्यटकों के एक दल के अलसीसर में आने की सूचना मिली थी। इस दल का लीडर इटली का था। इटली के पर्यटक के पहले पॉजीटिव मिलने की घटना के कारण चिकित्सा विभाग ने सावधानी बरतते हुए तुरंत जांच टीम को अलसीसर भेजा। अलसीसर महल में रुके इन पर्यटकों की पूरी जांच की गई। डॉ. गुर्जर ने बताया कि इन पर्यटकों में कोई भी जुकाम और बुखार से पीड़ित नहीं मिला। मंडावा में बुधवार से चिकित्सा विभाग ने फिर से सर्वे का काम शुरू किया है। लोगों की जांच के लिए पहले से तैनात पांच टीमों को लगाया गया है। विशेष रूप से उन लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी जो पहले की गई जांच में बीमारियों से पीड़ित मिले थे।
कोरोना को लेकर जागरूकता अभियान शुरू
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना को लेकर जन जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसमें जिले के 16 नर्सिंग कॉलेजों के प्रशिक्षु घर-घर जाकर लोगो को कोरोना के कारणों और लक्षणों को लेकर जागरूक करेंगे। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने बताया कि ये अभियान जिले में शुरू हो गया है।