काली पहाड़ी में चना फसल की प्रदर्शनी
झुंझुनूं | कृषि विज्ञान केंद्र आबूसर की ओर से गुरुवार काे काली पहाड़ी में चने की फसल पर प्रदर्शनी लगाई गई। दलहन फसल चने का उत्पादन व उत्पादकता में बढ़ोतरी के लिए काली पहाड़ी में 24 किसानों के खेत पर फसल प्रदर्शन लगा कर उन्नत कृषि तकनीक, अधिकतम उपज देने वाले चने की किस्म की समय पर बुवाई, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन से खेतों में चने की उपज में हुई बढ़ोतरी से किसानों को रूबरू करवाया। पशुपालन विशेषज्ञ डॉ. आरएस राठौड़ ने कहा कि चना जिले की महत्वपूर्ण रबी दलहन फसल है। इसमें उन्नत शस्य क्रियाएं अपना कर किसान पैदावार बढ़ा सकता है। उद्यान विशेषज्ञ डॉ. रशीद खान ने उन्नत किस्म जीएनजी 2144 के बारे में जानकारी देने के साथ चना में जिप्सम का प्रयाग, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में व शुष्क फल उत्पादन व गर्मियों के बोई जाने वाली सब्जियों के उत्पादन की जानकारी दी। इस दौरान किसान राजबीर सिंह, ओम सिंह, दलीप सिंह, महेंद्र सिंह, प्रेमसिंह, ओमसिंह, वीरेंद्र सिंह मौजूद थे।