- Hindi News
- National
- Udaipurwati News Rajasthan News If We Want To End Corruption We Have To Start With The Assembly Gudha
भ्रष्टाचार खत्म करना है तो शुरुआत विधानसभा से करनी होगी : गुढ़ा
विधान सभा में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा के दौरान उदयपुरवाटी विधायक राजेंद्रसिंह गुढ़ा ने कहा कि अगर वास्तव में भ्रष्टाचार समाप्त करना चाहते हो तो शुरुआत इसी सदन से करनी होगी। उन्होंने कहा कि अगर यह सदन सही हो जाए तो किसी माई के लाल की हिम्मत नहीं है कि वह भ्रष्टाचार करे। गुढ़ा ने चर्चा के दौरान कहा कि पिछली सरकार के दौरान जो मंत्री भ्रष्टाचार करने में माहिर थे, वे आज सदन में भ्रष्टाचार के खिलाफ बोल रहे हैं। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि इन्होंने क्या किया यह पूरा सदन और प्रदेश की जनता जानती है। गुढ़ा ने कहा कि जिस देश का राजा व्यापारी बन जाएगा उस देश की जनता भिखारी हो जाएगी। उन्होंने मौर्य साम्राज्य के समय की कहानी बोलकर कहा कि जिस राज्य का महामंत्री ईमानदार है उसकी उन्नति होना तय है। उन्होंने कहा कि हम इस सदन से सभी सदस्य भी ईमानदार नहीं है। चुनाव के समय भरे शपथ पत्र के अनुसार हम खर्चा करने की सीमा में नहीं रहे इसलिए हम में से काई भी हरीशचंद्र नहीं है। पिछले कार्यकाल में बजरी के अवैध खनन की राशि मुख्यमंत्री तक जाती थी। अगर भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करना है तो इसी सदन से शुरूआत करनी होगी। गुढ़ा ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल से ज्यादा बेचारा कोई नहीं है। सभी महत्वपूर्ण अवसरों पर वह तैयार रहता है, उसको छुट्टी लेने के लिए भी गिड़गिड़ाना पड़ता है, होली के दिन भी जब सभी लोग होली खेलते हैं तो कांस्टेबल अपनी ड्यूटी करता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर झूठा भाषण देने के बजाए अगर इसी सदन से तय किया जाए तब ही भ्रष्टाचार समाप्त हो सकता है।