- Hindi News
- National
- Jhunjhunu News Rajasthan News Korena Leave In Schools Till 30 March All Examinations Except Board Exams Postponed
कोराेना; 30 मार्च तक स्कूलों में छुट्टी, बोर्ड परीक्षा को छोड़ बाकी सभी परीक्षाएं स्थगित
कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर प्रदेश के स्कूलों में 30 मार्च तक अवकाश घोषित किया गया है। जिसके कारण कई कक्षाओं की परीक्षाएं भी प्रभावित होगीं। हालाकि दसवीं व 12 वीं बोर्ड की परीक्षाएं यथावत जारी रहेगीं। कलेक्टर यूडी खान ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर जिले के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा। इसमें बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं अपने तय समय पर आयोजित होगी। कलेक्टर खान ने बताया कि जिले में सभी राजकीय व मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ सभी कोचिंग संस्थान, मदरसों और दूसरी शिक्षण संस्थाओं को बंद करने के निर्देश दिए हैं।
सीबीएसई के होम एग्जाम अगले आदेश तक स्थगित : जिले में सीबीएसई स्कूलों में चल रही स्थानीय परीक्षाएं भी आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं। सीबीएसई से जुड़ी स्कूलों में कईयों में स्थानीय परीक्षाएं हो रही थी और कईयों में 16 मार्च से प्रारंभ होने वाली थी। इनको अब अगले आदेश तक रोक दिया गया है। न्यू राजस्थान शिक्षण संस्थान के इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने बताया कि सीबीएसई के स्थानीय परीक्षाओं को सरकार के आदेश के बाद रोक दिया गया है। इसके लिए अभिभावकों को मैसेज कर बता भी दिया है। वही झुंझुनूं एकेडमी के पीआरओ अरविंद शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था में 16 मार्च से परीक्षाएं शुरू होनी थी, लेकिन सरकार के आदेश के बाद उनको स्थगित कर दिया गया है।
शिक्षक आएंगे स्कूल : जिले के सरकारी स्कूलों में 30 मार्च तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। लेकिन शिक्षको को स्कूलों में उपस्थित रहने को कहा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अमरसिंह पचार ने बताया कि विद्यालयों में अवकाश विद्यार्थियों के लिए रखा गया है। शिक्षक विद्यालय में आकर राजकीय कार्य करंेगे।
बच्चों को टीचर्स की सलाह, रिविजन जारी रखें : हालाकि केवल होम एग्जाम स्थगित किए गए हैं, लेकिन बच्चों के लिए यह भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। कई बच्चों की परेशानी यह थी कि एग्जाम बीच में ही बंद हो गए और लंगी छुट्टी आ गई। ऐसे में कहीं जो कुछ पढ़ा है। वह भूल ना जाएं। दैनिक भास्कर ने इसको लेकर कुछ शिक्षकोें से बात की तो सभी ने सलाह दी कि बच्चों को अपना रिविजन जारी रखना चाहिए। यह उनके पास अच्छा मौका है कि वे अच्छी तैयारी कर सकें।
पिलानी में स्कूल, कॉलेज व म्यूजियम भी बंद रहेगा
पिलानी | कस्बे के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शनिवार को कोरोना वायरस से बचाव के लिए ऐहतियात के तौर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार 30 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। केवल बोर्ड परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स ही अपने सेंटरों पर परीक्षा देने पहुंचेंगे। शिक्षण संस्थानों के अलावा बिरला साइंस सेंटर के तहत संचालित बिरला म्यूजियम भी 30 मार्च तक आमजन के लिए बंद कर दिया गया है।
विदेश यात्रा से लौटे लोगों की तुरंत जांच कराने के निर्देश
कोरोना की रोकथाम के लिए विदेश यात्रा से लौटने वाले यात्रियों की तुरंत जांच की जाएगी। इसमें कोरोना प्रभावित देशों से वापस आने वाले व्यक्तियों की विशेष जांच कराई जाएगी। इसमें उनके तत्काल सेंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि विदेश यात्रा से वापस आने वालो में कोरोना के लक्ष्ण प्रतीत होते ही तत्काल सैंपल लेकर जांच करवाने के निर्देश दिए हैं। इनको 14 दिन तक निगरानी में रख हाई रिस्क ग्रुप में शामिल कर इनको आइसोलेशन में रखने के निर्देश भी दिए है। डॉ. गुर्जर ने बताया कि बायोमेडिकल को अस्पताल प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। सतर्कता बरतने एवं निर्धारित मापदंडों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए।
आशा कार्यकर्ताओं को कोरोना का प्रशिक्षण : एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं को शनिवार को वीसी के माध्यम से कोरोना को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा उनको मौसमी बीमारियों के बारे में आमजन को जागरूक करने का आग्रह किया। कोरोना के बारे में व्यापक जनचेतना जागृत करने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार के साथ ही रेपिड रेस्पॉन्स टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। आयुष विभाग द्वारा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढा पिलाया जा रहा है ।