केटीएसएस की मान्यता समाप्त, अब 16 को अजमेर में बैठक
केसीसी प्रशासन ने एटक से संबद्ध खेतड़ी तांबा श्रमिक संघ (केटीएसएस) की मान्यता समाप्त कर दी है। श्रमिक संगठनों का आरोप था कि केटीएसएस को दो साल के लिए दी गई मान्यता की अवधि समाप्त होने के बाद भी केसीसी प्रोजेक्ट में अवैध रूप से मान्यता दी जा रही है। इसलिए नए सिरे से चुनाव करवाने से पहले प्रोजेक्ट के विभिन्न श्रमिक संगठनों ने केटीएसएस की इस अवैध मान्यता को समाप्त करवाने की मांग की थी। इस बारे में केसीसी प्रोजेक्ट के खेतड़ी कॉपर मजदूर संघ के श्याम लाल सैनी, खेतड़ी कॉपर श्रमिक फ्रंट के राजकुमार बाडेटिया, खेतड़ी तांबा मजदूर मोर्चा के चौधरी बलजीत सिंह एवं राष्ट्रीय कॉपर मजदूर कांग्रेस के चुन्नीलाल मीणा ने उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) अजमेर व हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा था। पत्र में कहा गया था कि मान्यता के लिए नए चुनाव करवाने से पहले केटीएसएस को जारी अवैध मान्यता समाप्त करवाई जाए। श्रमिक संगठन काफी समय से इस बारे में मांग कर रहे थे कि केटीएसएस को अवैध रूप से दी जा रही मान्यता को समाप्त किया जाए। खेतड़ी कॉपर श्रमिक फ्रंट के अध्यक्ष हसरत हुसैन ने बताया कि इन संगठनों की मांग को देखते हुए उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) अजमेर एसएस चौहान ने मेल द्वारा विभिन्न संगठनों को अवगत करवाया है कि केसीसी प्रशासन ने उनकी मांग पर कार्यवाही करते हुए नौ मार्च काे केटीएसएस की अवैध रूप से चल रही मान्यता समाप्त कर दी है। केटीएसएस की अवैध मान्यता समाप्त होने पर विभिन्न संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। केसीसी प्रोजेक्ट में श्रमिक संगठन की मान्यता के लिए नए सिरे से चुनाव को लेकर 16 मार्च को उप मुख्य श्रम आयुक्त अजमेर में श्रमिक संगठनों की बैठक होगी। इसके बाद ही नए सिरे से मान्यता के लिए कार्यवाही होगी। इससे पूर्व 23 दिसंबर 1980 में केसीएमएस की मान्यता समाप्त की गई थी।
तीन साल पहले ही समाप्त हो गई थी मान्यता
केटीएसएस को एचसीएल के केसीसी प्रोजेक्ट की अोर से 23 अप्रैल 2015 को गुप्त मतदान द्वारा चुनाव करवाए गए थे। केसीसी ईकाई प्रमुख ने 23 जुलाई, 2015 को दो साल की अवधि के लिए मान्यता दी थी। यह मान्यता 22 जुलाई, 2017 में समाप्त हो गई थी। श्रमिक संगठनों का आरोप था कि अवधि समाप्ति के बावजूद केसीसी प्रोजेक्ट में केटीएसएस संगठन को मान्यता जारी रखी जा रही है। इसे निरस्त किया जाए ताकि नए सिरे से श्रमिक संगठन मान्यता ले सकें।
खेतड़ी नगर। कार्यकर्ता एक दुसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाते।