- Hindi News
- National
- Udaipurwati News Rajasthan News The Villagers Made The Rugged Land A Useful Playground
ऊबड़-खाबड़ जमीन को ग्रामीणों ने बनाया उपयोगी खेल मैदान
क्षेत्र के धोलाखेड़ा में सरकारी स्कूल के समीप 20 साल से बंजर व ऊबड़-खाबड़ खेल मैदान की जमीन पर ग्रामीणों ने जेसीबी व एक दर्जन ट्रैक्टर चला कर शुक्रवार को उपयोगी मैदान बना दिया। इस मैदान को स्कूल को सुपुर्द किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 20 साल पहले प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान राजकीय स्कूल को करीब आठ बीघा जमीन खेल मैदान के लिए आवंटित की गई थी। इस जमीन में कई जगह गहरे नाले थे और पूरी तरह से बंजर व बेकार पड़ी थी। गांव के नवयुवक मंडल की पिछले दिनों हुई बैठक के दौरान सदस्य सचिव सुरेंद्र खैरवा ने इस जमीन को खेल मैदान के लिए उपयोगी बनाने का प्रस्ताव रखा। मंडल के सदस्य युवकों ने सर्वसम्मति से खेल मैदान को तैयार करने का निर्णय लिया तथा गांव के मौजिज लोगों से चर्चा की। गांव में जेसीबी व ट्रैक्टर रखने वाले लोगों को इस कार्य के लिए तैयार किया तथा मंडल के सदस्य श्रमदान करने के लिए तैयार हो गए। ग्रामीणों ने तीन दिन तक लगातार जेसीबी व एक दर्जन ट्रैक्टर चला कर खेल मैदान की जमीन को पूरी तरह से समतल कर दिया। खेल मैदान की जमीन उपयोगी होने पर ग्रामीणों ने मिठाई बांट कर एक दूसरे को बधाई दी तथा प्रिंसीपल को बुला कर जमीन सुपुर्द की। मैदान ठीक करने वालों में हरलाल खैरवा, प्रभात खाखिल, ओनाड़, सांवरमल स्वामी, मनोज खैरवा, रामावतार, मुकेश दूधवाल, जगदीश ओलखा, ताराचंद स्वामी, चरणसिंह, हवासिंह, राकेश महला, संदीप बराला, उमेश, मदन खैरवा, अमरसिंह, महेंद्र खैरवा, चंद्रभान आदि शामिल थे।
ट्रैक, कोर्ट व पिच आदि बनाने का लक्ष्य
नवयुवक मंडल धोलाखेड़ा के सुरेंद्रसिंह खैरवा ने बताया कि अब मंडल ने तय किया है कि सरकारी स्कूल के इस खेल मैदान को पूरी तरह से तैयार करवाया जाएगा। खेल मैदान में विभिन्न खेलों के ट्रैक, कोर्ट, पिच आदि बनाए जाएंगे तथा चार दीवारी बनवाने का प्रयास करेंगे। ग्रामीणों की मदद से नवयुवक मंडल के लोग युवा शक्ति की मदद करने के लिए खेल सामग्री व जिम आदि की व्यवस्था पर भी विचार करेंगे।
उदयपुरवाटी. धोलाखेड़ा के खेल मैदान को समतल करने में लगे ट्रेक्टर व जेसीबी।