- Hindi News
- National
- Jhunjhunu News Rajasthan News Two Crore Loan Given To Entrepreneurs Service Sector And Business People Will Get Grant On Interest
उद्यमियों, सर्विस सेक्टर तथा व्यापार से जुड़े लोगों को दिया दो करोड़ का ऋण, ब्याज पर अनुदान मिलेगा
प्रदेश में आसान तरीके से उद्यमों की स्थापना व सभी वर्गों के व्यक्तियों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की कवायद के तहत गुरुवार को रीको स्थित जिला उद्योग केंद्र में भावी उद्यमियों, सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा व्यापारियों को बैंकों के माध्यम से ब्याज अनुदान युक्त मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान उद्यमियों को करीब दो करोड़ रुपए के ऋण के स्वीकृति पत्र लीड बैंक अधिकारी जेपी मीणा की मौजूदगी में प्रदान किए गए। इन ऋणों पर ब्याज में 5 फीसदी से 8 फीसदी तक अनुदान मिलेगा। जिला रोजगार अधिकारी दयानंद यादव ने बेरोजगारी भत्ता की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया ने बताया कि मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में अभी तक तीन करोड़ तिरेसठ लाख रुपए के ऋण दिए जा चुके हैं। अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी द्वारका प्रसाद ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, उद्योग प्रसार अधिकारी शुभकरण ने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना 2019 के बारे में भावी उद्यमियों को बताया। कार्यक्रम में आए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में आवेदन करने वाले उद्यमियों का बैंक प्रतिनिधियों से ओरियंटेशन करवाया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश भारद्वाज, बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक प्रतिनिधि शेर सिंह, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी असलम अली, लघु उद्योग भारती की झुंझुनूं इकाई के सचिव कृष्ण कुमार कुमार रींगसिया, श्री गल्ला व्यापार संघ अध्यक्ष संपत चुड़ैलेवाला, सचिव रोहितास बंसल, अनिल भोड़कीवाला, महेश जीनगर आदि ने भाग लिया।
झुंझुनूं. उद्यमियों को ऋण स्वीकृति का पत्र प्रदान करते लीड बैंक अधिकारी।