- Hindi News
- National
- Jhunjhunu News Rajasthan News Warns Of Big Movement If Demands Are Not Met
मांगें नहीं मानने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी
अखिल भारतीय किसान महासभा ने किसानों की मांगें न मानने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। महासभा ने इसके लिए पिछले चार दिनों में जिला मुख्यालय सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चेतावनी रैलियां निकाली हैं। कलेक्ट्रेट पर सेवानिवृत्त अध्यापक लक्ष्मण सिंह भुकाना की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित सभा को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड फूलचंद ढेवा ने कहा कि गहलोत सरकार हठधर्मिता छोड़ कर किसानों की जायज मांग मान ले अन्यथा 2002-03 के जैसा किसान आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहे। महासभा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड रामचंद्र कुलहरि ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने के लिए 300 यूनिट फ्री बिजली की घोषणा करती है, वहीं राजस्थान में बिजली दरों में डेढ़ गुणा बढ़ोतरी कर जनता पर भार थोपती है। कृषि बिजली कनेक्शनों की 1666 रुपए प्रति बिल जारी सब्सिडी बंद करती है। यह भेदभाव राज्य का किसान बर्दाश्त नहीं करेगा। जिला अध्यक्ष कामरेड ओमप्रकाश झारोड़ा ने कहा कि ओलावृष्टि से जिले के कई गांवों की फसलें पहले ही बरबाद हो चुकी है। कलेक्टर ने ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों की सही गिरदावरी के लिए तहसीलदारों को पाबंद करने की बात बताई है। सभा को जिला उपाध्यक्ष इंद्राज सिंह चारावास, स्वराज अभियान के जिला संयोजक कैलाश यादव, सूबेदार पोकर सिंह, कामरेड दुर्गा राम तिलोटिया, सही राम जाखड़, कमला देवी, सभाचंद ढाका, प्रेम सिंह नेहरा, सूरजभान, सहीराम महला, हरी राम शीथल, रोतास काजला आदि ने संबोधित किया।