पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जोधपुर. यहां एयरफोर्स की फ्लाइट लेफ्टिनेंट के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की। पीछा कर रहे युवकों से बचने के लिए महिला पायलट फोर्स की ऑफिसर मैस में घुसकर खुद को बचाया। इसके बाद एयरफोर्स के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। एयरफोर्स अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस सक्रिय हुई तब तक सभी युवक वहां से भाग निकले। फ्लाइट लेफ्टिनेंट जोधपुर में हेलिकॉप्टर पायलट है। पुलिस ने रविवार शाम एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
सैन्य सूत्रों का कहना है कि महिला जोधपुर एयर बेस पर बतौर फ्लाइट ऑफिसर तैनात है। शनिवार रात वह शिकारगढ़ क्षेत्र के आर्मी एरिया में रहने वाली अपनी एक मित्र से मिलने गई। रात को वापसी में अपनी स्कूटी पर लौट रही ऑफिसर का कुछ युवकों ने पीछा करना शुरू कर दिया। शिकारगढ़ से रातानाडा तक के पूरे रास्ते वे उस पर भद्दे कमेंट करते रहे। रातानाडा चौराहे पर महिला पायलट ने युवकों से पीछा छुड़ाने के लिए थोड़ी देर तक एक दुकान में शॉपिंग की। बाहर निकलते ही वे युवक एक बार फिर आ गए और उन्होंने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर महिला पायलट ने अपनी एक्टिवा को तेज गति के साथ भगा कर रातानाडा क्षेत्र में स्थित ऑफिसर मैस में प्रवेश कर खुद को बचाया।
एयरफोर्स अधिकारियों की सूचना पर पुलिस पहुंची। लेकिन तब तक वे युवक वहां से भाग निकले। बाद में पुलिस ने कुछ स्थान पर दबिश भी दी, लेकिन युवक हाथ नहीं आए। एसीपी नूर मोहम्मद ने बताया कि रविवार शाम एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इस युवक से मिली जानकारी के आधार पर उसके अन्य साथियों का पता लगाया जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.