पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जोधपुर. ईरान से 44 भारतीय नागरिकों को लेकर विशेष विमान के शुक्रवार दोपहर तक जैसलमेर पहुंचने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित हो गया है। जिला कलेक्टर नमित मेहता का कहना है कि फिलहाल इतनी ही जानकारी मिली है। अगले दो-तीन दिन में ईरान से भारतीय नागरिकों को जैसलमेर लाए जाने की योजना है। बताया जा रहा है कि आज आने वाले विमान में यात्रियों की संख्या काफी कम होने के कारण उन्हें मुंबई में ही रखा जाएगा।
भारत सरकार की ओर से कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक ईरान से अपने छह हजार नागरिकों को निकालने का विशेष अभियान आज से शुरू किया जा रहा है। इन नागरिकों के पहले जत्थे के 44 नागरिकों को लेकर एक विमान आज दोपहर जैसलमेर पहुंचना था। अब इस कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। इससे पहले केन्द्र सरकार ने इन नागरिकों को जैसलमेर लाए जाने की जानकारी दी थी।
जैसलमेर लाए जाने वाले इन सभी भारतीय नागरिकों को कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हुई है। कोरोना वायरस से जुड़े मामलों में तय प्रोटोकॉल के अनुसार इन सभी को जैसलमेर में भारतीय सेना की तरफ से विकसित किए गए विशेष आइसोलेशन वार्ड में 14 दिन रखा जाना था।
चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहिता कुमार ने बताया कि भारतीय नागरिकों को ईरान से लाकर जैसलमेर रखने को लेकर किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। इन सभी भारतीय नागरिकों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। सिर्फ एहतियात के तौर पर इन्हें 14 दिन के लिए आइसोलेशन में रखा जाएगा। कोरोना वायरस के संदिग्ध लोगों को इस तरह आइसोलेशन में रख उनकी निगरानी करने का प्रावधान है। इस बारे में जैसलमेर के जिला कलेक्टर को सूचित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना ने जैसलमेर व जोधपुर सहित कुछ शहरों में विदेश से लाए जाने वाले भारतीय नागरिकों को 14 दिन तक आइसोलेशन में रखने के लिए विशेष वार्ड विकसित किए है। आज से केन्द्र सरकार कोरोना प्रभावित ईरान से अपने नागरिकों को भारत लाने का अभियान शुरू करने जा रही है। ऐसे में इन सभी नागरिकों को आइसोलेशन वार्ड में रखने की विशेष तैयारी की गई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.