कार से 10.290 किलो अफीम बरामद
रेण रेलवे स्टेशन के पास 3 गिरफ्तार
लाडनूं : सरसों के बीच अफीम की खेती, 60 लाख की फसल पकड़ी, खेत मालिक फरार
लाडनूं/निम्बी जोधा | लाडनूं पुलिस ने शुक्रवार को दबिश देकर ग्राम बल्दू के एक खेत में सरसों की फसल के बीच में बोई गई अफीम-डोडा की फसल जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी मुकुट बिहारी मीणा ने बताया कि सूचना पर टीम बनाकर बल्दू सरहद में स्थित एक खेत मेंं दबिश दी गई, जिसमें पुलिस ने डोडा तोड़ी हुई और डोडा लगी हुई 860 किग्रा 520 ग्राम अफीम की हरी फसल जब्त की। इस जब्तशुदा हरी फसल के सूखकर तैयार हो जाने पर इसका बाजार मूल्य करीब 60 लाख रुपए आंका गया है। पुलिस की इस दबिश देने वाली टीम ने खेत में दबिश देकर सरसों के खेत के बीच में करीब आधा बीघा भूमि में अफीम की फसल बरामद की। पकड़े गए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
लाडनूं में पुलिस द्वारा जब्त की गई बोरों में पैक अफीम की हरी फसल
रेण | नारकोटिक्स विभाग की टीम ने मारुति कार से 10 किलो 290 ग्राम अफीम के साथ तीन जनों को गिरफ्तार किया। नारकोटिक्स विभाग जोधपुर की टीम ने नेशनल हाईवे 89 स्थित रेण रेलवे फाटक पर मेड़ता से नागौर की तरफ जा रही एक कार की तलाशी ली।
कार में सवार तीन आरोपी राजमल अग्रवाल धामनिया निवासी नीमच (मध्यप्रदेश), देवेंद्र कुमार ग्राम रानपुरा पोस्ट धामनिया (मध्यप्रदेश), कमलेश कुमार बरोला पोस्ट रामपुरा बदनोर (भीलवाड़ा) को गिरफ्तार कर मारुति कार में 6 प्लास्टिक के पैकेट में रखी 10 किलो 290 ग्राम अफीम बरामद करने की कार्रवाई की। कार चित्तौड़ गढ़ पासिंग है, जो नागौर की तरफ जा रही थी। नारकोटिक्स विभाग की टीम की ओर से आरोपियों से रेण पुलिस चौकी में रात भर पूछताछ की। अफीम के अलावा मारुति कार में हजारों रुपयों की नकदी भी बरामद की गई।