एनएलयू गर्ल्स हॉस्टल में घुस घिनौनी हरकतें करने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज करवाया
नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जोधपुर के गर्ल्स हॉस्टल में दीवार फांदकर गर्ल्स हॉस्टल में घुसने तथा युवतियों के सामने घिनौनी हरकतें करने वाले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। एनएलयू प्रशासन ने यह एफआईआर हॉस्टल की छात्राओं की शिकायत के आधार पर दर्ज करवाई है। एफआईआर के साथ हॉस्टल के मुख्यद्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस को सौंपी है। रजिस्ट्रार सोहनलाल शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस शीघ्र ही आरोपी तक पहुंच जाएगी। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व एनएलयू के एक गर्ल्स हॉस्टल में एक युवक दीवार फांदकर घुस गया था। गर्ल्स की शिकायत के अनुसार यह युवक देर रात गैलरी में बैठकर घिनौनी हरकतें कर रहा था। एक रूम में बैठी चार गर्ल्स यह देखकर उसकी ओर दौड़ीं तो वह वहां से भाग गया। एक छात्रा ने ट्वीटर के माध्यम से छात्राओं की यह पीड़ा बताई थी। भास्कर ने सार्वजनिक स्थलों पर छेड़छाड़ की शिकार होती युवतियों एवं महिलाओं की इस पीड़ा को प्रकाशित किया था। इस मामले में गर्ल्स ने लिखित में शिकायत भी दी। शिकायत के आधार पर एनएलयू प्रशासन ने हॉस्टल के मुख्यद्वार पर लगे फुटेज चैक करवाए तो उस रात एक व्यक्ति दिखाई दिया। हॉस्टल में अज्ञात व्यक्ति के प्रवेश की पुष्टि होने के बाद एनएलयू प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज के साथ मंडोर थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी है।
एनएलयू प्रशासन ने घटना की रात के सीसी टीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे
8 मार्च