एक और संदिग्ध भर्ती, हमारे मेडिकल काॅलेज में ही होगी सैंपल की जांच
एमडीएमएच में रविवार काे कोरोना वायरस का एक और संदिग्ध मरीज भर्ती हुआ। प्रतापनगर निवासी 59 वर्षीय महिला काे खांसी-जुकाम के चलते भर्ती किया गया। उन्होंने 2 मार्च को जॉन बाय पार्क होटल में डिनर किया था। इनके सैंपल जांच डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में ही होगी। हालांकि पिछले 37 दिन में एमडीएमएच में भर्ती सभी संदिग्ध मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव अाई है। इधर, चिकित्सा विभाग ने मेहरानगढ़ और एयरपोर्ट पर करीब 1201 देसी-विदेशी मरीजों की स्क्रीनिंग की, सभी की रिपोर्ट नाॅर्मल अाई।
इन छोटी-छाेटी बातों का ध्यान रखें
एम्स डीन एकेडमिक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि हम छाेटी-छाेटी बातों का ध्यान रख कोरोना वायरस से बच सकते हैं।
} जगह-जगह थूके नहीं। } गंदे हाथ से आंख, नाक और मुंह को ना छुएं।
} सेनेटाइजर यदि दुकानों पर उपलब्ध नहीं है तो हम पानी से हाथ धोकर संक्रमण होने की संभावना को कम कर सकते हैं।
} खांसी-जुकाम के समय पर रूमाल-टिशू नहीं है तो कोहनी का इस्तेमाल करें।
} जिन बच्चों-बड़ों काे एलर्जी है, वे बार-बार नाक और मुंह के हाथ ना लगाएं।
चिकित्सा विभाग ने मेहरानगढ़ में 1149 देसी-विदेशी पर्यटकों की जांच की
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पर्यटकों की स्क्रीनिंग के लिए एयरपोर्ट और मेहरानगढ़ में टीम लगा रखी है। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रीतम सांखला ने बताया रविवार को छुट्टी के दिन मेहरानगढ़ में आने वाले करीब 1149 देसी-विदेशी पर्यटकों और एयरपोर्ट पर 52 पर्यटकों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 110 स्वास्थ्य दलों द्वारा 11901 घरों में डोर-टु-डोर 47,604 लोगों की स्क्रीनिंग की, जिसमें से 210 सर्दी-जुकाम के रोगी मिले, जिन्हें उपचार दिया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर जीके खरे ने बताया कि एयरपोर्ट पर सभी पर्यटकों की रिपोर्ट नाॅर्मल मिली।
एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।