आसोप : जगह-जगह कचरे के ढेर से ग्रामीण परेशान
अासाेप| कस्बे के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कस्बे में इन दिनों कीचड़ व गंदगी से आमजन व विद्यार्थी परेशान हैं। कस्बे की राबाउमावि जाने का एकमात्र मुख्य मार्ग पर इन दिनों कीचड़ ही कीचड़ पड़ा है। एक तरफ जहां बबूल की झाड़ियां उगी हुई है। वहीं दूसरी ओर कचरे से गली भरी पड़ी है। इस कारण यह मार्ग संकरा हो गया है। मार्ग के बीचों बीच में कीचड़ से चलना बेहद मुश्किल हो गया है। रोजाना सैकड़ों बच्चों को मजबूरी में इस मार्ग में से कीचड़ में होकर निकलना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या काफी सालों से है। ग्राम पंचायत आसोप के प्रशासन को कई बार अवगत करवाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस कीचड़ उसकी बदबू की वजह से आमजन व स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का इस गली से निकलना मुश्किल हो रहा है। एक जगह पर इकट्ठा हो रहा ये कीचड़ तालाब का रूप ले रहा हैं। अगर ग्राम पंचायत इस मार्ग में घरों से निकलने वाले गंदे पानी के लिए नालियां बनाकर उसकी निकासी अन्य जगह से कर दे तो इस समस्या का हल निकल सकता है।कीचड़ की वजह से आसपास रहने वाले लोगों को कई बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा हैं। इस कीचड़ से मच्छरों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसकी वजह से मलेरिया व दूसरी ओर भी कई संक्रमित बीमारियों के फैलने की संभावना हैं। वहीं ग्रामसेवक रामनिवास गहलोत कहना है कि जल्द ही कस्बे के मुख्य मार्गों पर फैले कीचड़ व गंदगी ढेर हटाएं जाएंगे।