प्रभातफेरी में बापू के संदेश भजनों से माहौल गांधीमय
जोधपुर | महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की श्रंृखला में दांडी यात्रा की सालगिरह को लेकर जोधपुर में जिला प्रशासन व गांधी जीवन दर्शन समिति की ओर से सात दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ गुरुवार सुबह प्रभातफेरी व सर्वधर्म प्रार्थना से हुआ। जालोरी गेट चौराहे पर गांधी दर्शन समिति के पदाधिकारी व शहरवासियों ने एकत्रित होकर बापू के संदेश लिखी तख्तियों लेकर रघुपति राघव राजाराम एवं वैष्णव जन इत्यादि भजन गाते हुए महात्मा गांधी स्कूल व ओलम्पिक तिराहा होते हुए पुनः जालोरी गेट पहुंचे। गांधी भजनों की सरिता से पूरा वातावरण गांधीमय हो गया। जालोरी गेट पर सर्वधर्म सभा में शहर, प्रदेश, देश व विश्व में शंाति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। प्रीतम शर्मा ने गांधी भजन गाए। कार्यक्रम में पूर्व महापौर डॉ. ओमकुमारी गहलोत, गणपतसिंह चौहान, ओमकार वर्मा, डॉ. अजय त्रिवेदी, डूंगरसिंह खींची, राजेश सारस्वत, रेखा लोहिया, प्रीतम शर्मा, मनीष राठी, नावेद मोदी, भगवान सांखला, किरण गहलोत, राम देवानी, विकास व्यास, महेश नाथ आदि उपस्थित थे। शुक्रवार को सूचना केंद्र के मिनी अॉडिटोरियम में राजस्थान संगीत नाटक अकादमी एवं गांधी जीवन दर्शन समिति के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 10.30 बजे भजन कार्यक्रम होगा। 14 मार्च शाम 4 बजे महात्मा गांधी को समर्पित नुक्कड़ नाटक घंटाघर मैदान में होगा।
महात्मा गांधी स्कूल से जालोरी गेट से प्रभातफेरी निकाली गई।