आग से जला पड़वा, लाखों का नुकसान
बाप| खिदरत गांव में गुरुवार रात्रि आग की घटना में एक रहवासी कच्चा पड़वा जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि श्रवण कुमार पुत्र जोराराम मांजू के कच्चे पड़वे में देर रात करीब 1 बजे आग लग गई। घटना के समय पड़वे में एक बुजुर्ग महिला सो रही थी। घर के बाकी सदस्य दूसरे घर में सो रहे थे। आग लगने की भनक लगते हुए पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला। इस दौरान आसपास ढाणियों से बड़ी संख्या में लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने रेत व पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास, लेकिन आग काबू में नहीं आई। हल्का पटवारी की रिपोर्ट के अनुसार आग में 70 हजार नकद, 45 किलो घी, सोने-चांदी के जेवर सहित घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। रिपोर्ट में करीब पांच लाख का नुकसान बताया।