पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

1 दिन टाइम पर चली सारी ट्रेनकंट्रोल करने वाले कर्मचारियों को मिला नकद पुरस्कार

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

यात्रियों की यह आम शिकायत रहती है कि उनकी ट्रेन टाइम पर नहीं चलती। लेकिन उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन ने होली के अगले दिन पूरे जोन में ट्रेनों को सही समय पर चलाने का कमाल कर दिखाया। इस दिन ट्रेनों की समय पालना रिपोर्ट 100 फीसदी रही। कायदे से यह काम रोज का है, लेकिन सफलता मिली तो महाप्रबंधक ने जोन के चारों मंडल में ट्रेनों को कंट्रोल करने वाले कर्मचारियों के लिए पुरस्कार की घोषणा भी कर दी। कुल 47 हजार 500 रुपए के पुरस्कार इन कर्मचारियों को दिए जाएंगे। रेलवे के मुताबिक जयपुर, जोधपुर, अजमेर व बीकानेर मंडल के परिचालन कंट्रोल के लिए 10-10 हजार रुपए की राशि और मुख्यालय जयपुर में स्थित कंट्रोल के लिए 7 हजार 500 रुपए की राशि मंजूर की गई है।

दरअसल, इन दिनों ट्रेनों के संचालन समय को लेकर रेलवे बोर्ड और रेल मंत्री स्तर तक मॉनिटरिंग की जा रही है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखाकार तक ट्रेनों की लेटलतीफी पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में प्रत्येक जोन में ट्रेनों को तय समय पर चलाने की मशक्कत हर दिन की जा रही है, लेकिन सफलता कभी-कभी ही मिल रही है। धुलंडी के दिन 10 मार्च को उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन में मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में 99.43 की समयपालन दर्ज की गई थी। रेलवे की मानें तो उस दिन पूरे जोन में सभी ट्रेनें समय पर चलीं, केवल एक ट्रेन बीकानेर मंडल से देरी पर रवाना हुई, जिसके चलते 100 फीसदी का पूरा लक्ष्य हासिल नहीं हो सका।

जोधपुर-अजमेर ने टाइम पर चलाई ट्रेनें

रेलवे में हो रही मॉनिटरिंग के मुताबिक 13 मार्च को चारों मंडल में से केवल जोधपुर व अजमेर ही अपनी ट्रेनों को सही समय पर चला सके। इस दिन दोनों मंडल का परिचालन प्रतिशत 100 रहा तो जयपुर 90 और बीकानेर 96 फीसदी पर ही रहे।

ट्रेन रवाना कर दी, पहुंचने का यात्री जाने...

रेलवे की लाख कोशिशों के बाद भी जोधपुर से जुड़ी दो ट्रेनें टाइम पर यात्रियों को नहीं पहुंचाती। रेलवे की मानें तो वे मरुधर एक्सप्रेस व हावड़ा सुपरफास्ट को सही समय पर रवाना कर देते हैं। यही आंकड़ा रेलवे की समय पालन रिपोर्ट में जुड़ जाता है। अब यात्री अपने गंतव्य कितनी देरी से पहुंचा, इससे रेलवे को कोई सरोकार नहीं। मरुधर एक्सप्रेस औसत 3 से 4 घंटे तो हावड़ा सुपरफास्ट 2 से 4 घंटे देरी से ही चलती हैं।

खबरें और भी हैं...