उद्योग विभाग ने की विवाद और शिकायत निवारण समिति गठित
जोधपुर| उद्योग विभाग ने एक आदेश जारी कर विवाद एवं शिकायत निवारण समिति का गठन किया है। एमआईए के अध्यक्ष ज्ञानीराम मालू एवं सचिव मुकेश खत्री ने बताया कि राज्य सरकार के उद्योग विभाग द्वारा राज्य में नए निवेश को प्रोत्साहित करने एवं विद्यमान उद्यमों के सुचारू संचालन व विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र के लिए गठित 5 सदस्यीय राज्य स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति में एमआईए के पूर्व अध्यक्ष उमेश लीला व मंडोर बाप इंडस्ट्रियल कॉरीडोर एसोसिएशन के अध्यक्ष दलीपसिंह गहलोत को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। एमआईए के पूर्व अध्यक्ष सुनील परिहार ने एमआईए के पूर्व लीला एवं सक्रिय सदस्य गहलोत को विवाद एवं शिकायत निवारण समिति में प्रतिनिधित्व देने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं उद्योग मंत्री परसादीलाल मीणा का आभार व्यक्त किया है। परिहार ने कहा कि इस समिति के गठन से उद्यमों के लंबित विवाद एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सकेगा। उमेश लीला ने कहा कि समिति राज्य में नए निवेश को प्रोत्साहित करने एवं विद्यमान उद्यमों के सुचारू रूप से संचालन में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित प्रयास करेगी।