- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jodhpur
- Jodhpur News Rajasthan News Dr Peepal Left Jodhpur Medical College And Transferred Services To Aiims Gorakhpur And Transferred Him To Udaipur
डॉ. पीपल जोधपुर मेडिकल कॉलेज छोड़ एम्स गोरखपुर में दे रहे सेवाएं उनका तबादला उदयपुर कर दिया
चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने हाल ही में जोधपुर प्रवास के दौरान कहा था कि चिकित्सा व्यवस्था सभी जगह खराब है। बात जब व्यवस्था की हो रही है तो वह भी बीमार है। इसका उदाहरण 12 मार्च को जोधपुर मेडिकल कॉलेज से उदयपुर मेडिकल कॉलेज में हुए डॉक्टरों के स्थानांतरण में देखने को मिला। डॉ. धर्मेंद्र कुमार पीपल जो कि वर्तमान में एम्स गोरखपुर में कार्यरत हैं। उनका भी तबादला जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से उदयपुर आरएनटी मेडिकल कॉलेज में कर दिया। जबकि डॉ. पीपल ने अपना इस्तीफा चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) में नियमानुसार दिया और 11 फरवरी को चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग के उप शासन सचिव ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया। करीब एक माह बाद निकले आदेश में डॉ. पीपल का ट्रांसफर उदयपुर मेडिकल कॉलेज में कर दिया गया है।
चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग ने गुरुवार को देर रात निकाले आदेश में बीकानेर, जोधपुर और जयपुर के 30 डॉक्टरों को उदयपुर लगाया है। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के पांच विभाग ईएनटी, फिजियोलॉजी, टीबी एंड चेस्ट, मेडिसिन और सर्जरी के डॉक्टरों का स्थानांतरण हुआ।
जनरल सर्जरी के सभी सहायक आचार्य (आरपीएससी चयनित) के पद खाली
चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग की ओर से जारी आदेश का डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में गहरा असर पड़ा है। इसके चलते डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में जनरल सर्जरी विभाग में आरपीएससी से चयनित तीन सहायक आचार्य पद खाली हो गए हैं। इस स्थानांतरण आदेश के बाद यूटीबी पर कार्यरत सहायक आचार्य ही शेष बचे हैं। फिर एमजीएच हो या एमडीएमएच सभी जगह सहायक आचार्य यूटीबी पर नियुक्त हैं।
इन 8 डॉक्टरों का हुआ तबादला, 1 पहले से एम्स गोरखपुर में कार्यरत
ईएनटी : डॉ. नवनीत अग्रवाल आचार्य व विभागाध्यक्ष ईएनटी।
फिजियोलॉजी : डॉ. रघुवीरसिंह चौधरी, आचार्य फिजियोलॉजी।
टीबी एंड चेस्ट : डॉ. चैनाराम चौधरी सह आचार्य क्षय एवं वक्ष रोग।
सर्जरी विभाग : डॉ. विजय वर्मा सहायक आचार्य जनरल सर्जरी,
सर्जरी विभाग : डॉ. दिनेशदत्त शर्मा, सहायक आचार्य जनरल सर्जरी,
सर्जरी विभाग : डॉ. धर्मेंद्र कुमार, पीपल सहायक आचार्य जनरल सर्जरी (वर्तमान में गोरखपुर एम्स में कार्यरत)।
मेडिसिन विभाग : डॉ. पुनीत नाग सह आचार्य जनरल मेडिसिन,
मेडिसिन विभाग : डॉ. अमित कुमार सागर, सहायक आचार्य जनरल मेडिसिन,
मेडिसिन विभाग : डॉ. किशन गोपाल बारुपाल, सहायक आचार्य जनरल मेडिसिन।