रायमलवाड़ा भटियाणीजी मंदिर की ढाणियों में एक माह से पेयजल किल्लत
रायमलवाड़ा के भटियाणीजी मंदिर क्षेत्र में नलकूप खराब होने से आसपास की ढाणियों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। भटियाणीजी मंदिर परिसर में खुदा हुआ नलकूप एक महीने से भी अधिक समय से बंद पड़ा है। ढाणियों के लोगों का कहना है कि नलकूप को ठीक कराने के लिए अनेक बार उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा हैं। इस नलकूप से साठ-सत्तर ढाणियों को पीने का पानी मिलना बंद हो गया है व आसपास में विचरण करने वाले गौ वंश भी पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। पदमसिंह पंवार ने बताया कि नलकूप ठीक कराने की सूचना अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। गुरुवार काे सभी ढाणियों के लोगों ने नलकूप ठीक कराने की मांग करते हुए गायों के लिए टैंकर मंगवाकर हौदी में पानी डलवाया। लखसिंह धांधू ने बताया कि नलकूप का होल साफ करवाएं या नया नलकूप खोदकर समस्या का समाधान किया जाएं अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी की व पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग करते हुए ओसियां व बापिणी मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस दौरान पदमसिंह धांधू, विक्रमसिंह भाटी, देवीसिंह, लखसिंह पंवार, अचलाराम लोहार, कानाराम लोहार, निंबाराम सियाग, स्वरूपसिंह, लक्ष्मणसिंह, भोपालसिंह, सवाईसिंह, कुंभसिंह, बाबूसिंह, मुनाराम, दीपसिंह, मोतीसिंह, हड़मानसिंह, पेमाराम अादि मौजूद थे।