बाप : डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास भवन जर्जर, छात्र परेशान
बाप| कस्बा स्थित सालों पुराना डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास का भवन अब जर्जर हाल में हैं। इससे उसमें रहने वाले बच्चों को काफी असुविधा होने के साथ कई प्रकार की परेशानियों के साथ रहना पड़ रहा हैं। जर्जर हाल भवन में परेशान बच्चों को पीड़ा देख समता सैनिक दल ने बाप में नया भवन बनाने की मांग उठाई। इसको लेकर समता सैनिक दल तहसील शाखा बाप का एक प्रतिनिधिमंडल जोधपुर में कलेक्टर से मिला व उन्हें अपनी मांग का पत्र भी सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल जिलाध्यक्ष ललित पंवार व तहसील अध्यक्ष गणपत भाट ने कलेक्टर को बताया कि बाप उपखंड मुख्यालय पर संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास का निर्माण वर्ष 1986-87 में हुआ था। उस समय 35 विद्यार्थी उसमें रह सकते थे। समय के साथ विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा होता गया, लेकिन भवन का विस्तार नहीं किया गया। आज छात्रावास भवन को बने 34 साल हो चुके हैं। वर्तमान में छात्रावास भवन जर्जर होने के कारण छात्रों के रहने के लिए लायक नहीं है। बारिश के समय भवन गिरने का पूरा अंदेशा है। वर्तमान में 85 छात्र रहकर अध्ययन कर रहे हैं। भवन मे 10 कमरे हैं। इनमें 1 रसोई, 1 गार्ड व स्टोर के लिए उपयोग में लिया जाता हैं। शेष 8 कमरों में विद्यार्थियों को ठूंस-ठूंस कर रखा जा रहा हैं। मजबूरन एक कमरे में 10 विद्यार्थियों को रहना पड़ रहा हैं। वर्तमान में छात्रावास भवन अपर्याप्त व रहने लायक नहीं है। बारिश में छत से पानी टपकता हैं। दीवारों पर जगह-जगह दरारें आ चुकी हैं। इससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता हैं। छात्रावास में खेल मैदान व डाइनिंग हॉल नहीं है। पांच शौचालय व पांच मूत्रालय हैंं जो विद्यार्थियों के अनुपात में कम है। तहसील महासचिव विरमा पंवार, हीरालाल गहलोत, रेवंतराम तंवर कानासर, चौथी मेघवाल कानासर आदि प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे।