शराब के लिए पैसे नहीं देने पर की मारपीट
शेरगढ़| शराब पार्टी के लिए पैसे नहीं देना एक दुकानदार को उस समय भारी पड़ गया। जब उनके साथ मारपीट करके जबरन पैसे छीन कर ले गए। दासानिया निवासी सूरजमल पुत्र मोहनलाल महाजन ने शेरगढ़ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोमवार को होली पर रात्रि 8 बजे दासानिया गांव में अपनी दुकान पर बैठा था तभी दासानिया निवासी सुरेंद्रसिंह पुत्र गिरधारीसिंह राजपूत, महावीरसिंह पुत्र सवाईसिंह राजपूत निवासी राजगढ़ थाना साकड़ा व दिनेश पुत्र श्रवणराम गवारिया निवासी दासानिया उनकी दुकान पर आए होली पर शराब पार्टी के लिए तीन हजार रुपए मांगे। उन्होंने कहा कि इतने रुपए उनके पास नहीं है। इस पर गाली-गलौच करते हुए मारपीट की, इससे अंदरूनी चोटें आई व महावीरसिंह ने उनकी दुकान के गल्ले में से 5700 रुपए जबरन छीन कर ले लिए। तभी उनकी दुकान पर मानाराम पुत्र हरिराम, पेंपाराम पुत्र खेताराम जाट निवासी दासानिया ने बीच-बचाव करके उन्हें छुड़ाया। आरोपियों ने धमकी दी कि किसी को इस घटना के बारे में बताया तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे व दुकान में आग लगा कर जला देंगे। इस मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल सीरवी कर रहे हैं।