हाईकोर्ट: सुनवाई के रोस्टर में बदलाव, 17 से लागू होगा
जोधपुर| नए जजों की नियुक्ति के बाद राजस्थान हाईकोर्ट मुख्यपीठ जोधपुर में जजों की सुनवाई के रोस्टर में बदलाव किया गया है। यह रोस्टर 17 मार्च से लागू होगा। नए रोस्टर में जोधपुर मुख्यपीठ में तीन खंडपीठ बनाई गई है। हालांकि जब चीफ जस्टिस जयपुर पीठ में सुनवाई करेंगे, तब दो खंडपीठ ही यहां सुनवाई करेगी। चीफ जस्टिस इंद्रजीत महांती व जस्टिस डॉ. पीएस भाटी की प्रथम खंडपीठ को यथावत रखा गया है। दूसरी खंडपीठ जस्टिस संदीप मेहता व जस्टिस प्रभा शर्मा की और तीसरी खंडपीठ जस्टिस विजय विश्नोई व जस्टिस रामेश्वर व्यास की बनाई है। जस्टिस अरुण भंसाली, जस्टिस दिनेश मेहता, जस्टिस विनीत कुमार माथुर, जस्टिस मनोज कुमार गर्ग व जस्टिस देवेंद्र कच्छवाह एकलपीठ के रूप में सुनवाई करेंगे। जब चीफ जस्टिस जोधपुर में होंगे, तब जस्टिस विजय विश्नोई एकलपीठ के रूप में भी सुनवाई करेंगे। वहीं जब चीफ जस्टिस जोधपुर में नहीं होंगे, तब जस्टिस पीएस भाटी एकलपीठ में भी सुनवाई करेंगे।