मोखेरी जीएसएस पर बिजली के बिलों की होली जलाई
बिजली के बिलों की सब्सिडी को लेकर आंदोलित किसानों ने शुक्रवार को मोखेरी गांव के जीएसएस पर प्रदर्शन किया व बिजली के बिलों की होली जलाई। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष नरेश व्यास ने कहा कि किसान इस माह इंतजार कर रहा है कि सरकार उनकी मांगें मान ले। अगर सरकार ने अब भी किसानों की मांग नहीं मानी तो अगले माह महापड़ाव की तैयारी होगी। उल्लेखनीय है कि किसानों ने मांगों को लेकर 30 मार्च को जिला मुख्यालय जोधपुर में महापड़ाव की घोषणा की हुई थी, लेकिन जिलाध्यक्ष नरेश व्यास के अनुसार कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए फिलहाल इसे स्थगित किया गया है। इसके स्थान पर यह निर्णय किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक सब डिवीजन पर आंदोलन किया जाएगा व बिजली के बिलों की होली जलाई जाएगी।
डिस्कॉम के फलोदी डिवीजन में 60 करोड़ अटका| डिस्कॉम सूत्रों के अनुसार डिस्कॉम के फलोदी डिवीजन में किसानों द्वारा बिल जमा नहीं करवाने से करीब 60 करोड रुपए अटक गए हैं। फलोदी डिवीजन में 6 सब डिवीजन फलोदी शहर व फलोदी ग्रामीण के अलावा लोहावट, बाप, आऊ व बापिणी शामिल हैं।
पड़ासला : किसानों ने किया बिलों का बहिष्कार
पड़ासला| जीएसएस पर शुक्रवार को किसानों धरना-प्रदर्शन किया व बिलों की होली जला कर बिलों का बहिष्कार किया। भारतीय किसान जैविक प्रमुख लालाराम डूडी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शुक्रवार को पड़ासला जीएसएस पर प्रदर्शन कर बिलों का बहिष्कार किया। इस मौके पर मतोड़ा सहायक अभियंता सहीराम विश्नोई मौके पर पहुंचे तो किसानों ने विश्नोई को ज्ञापन देकर किसानों की मांग से अवगत करवाया। किसानों ने सब्सिडी देने की मांग व पेनल्टी माफ की मांग की। जब तक सरकार किसानों की मांग नहीं मानेगी तब तक किसानों के कनेक्शन नहीं काटने देंगे। इस मौके दीपाराम मूंड, नथूराम लमाणी, रामूराम बाताणी, निंबाराम गोदारा, सूजाराम गोदारा, सूरजाराम सियोल, भीखाराम कड़वासरा, अखेराज सोनी, गुमानाराम गेनाणी, बिरमाराम गोदारा, आदूराम देवाणी, गिरधारीराम देवाणी, रेवंतराम मूंड, बिड़दाराम डूडी, रेखाराम डूडी, मूलाराम मूंड, धन्नाराम साईं आदि मौजूद थे।
बावड़ी : डिस्कॉम का बकाया वसूली अभियान शुरू
बावड़ी| जोधपुर डिस्कॉम न 31 मार्च तक बकाया वसूली अभियान शुरू किया। कनिष्ठ अभियंता शिवराज यादव ने बताया कि पांच हजार से अधिक बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं को समय पर अपनी बकाया राशि जमा करवानी होगी। यादव ने बताया कि शुक्रवार को 8 घरेलू व 5 अघरेलू उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। वहीं 31 मार्च, 2019 से पहले काटे गए कनेक्शन को एमनेस्टी स्कीम के तहत एक मुश्त राशि जमा करवाकर कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।
एक भी कृषि बिल जमा नहीं
डिस्काॅम ने बिजली के बिल जमा करवाने के लिए शुक्रवार को मोखेरी में कैंप लगाया था व कर्मचारियों को यहां से वहां भेजा था। लेकिन भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष नरेश व्यास के अनुसार एक भी किसान ने कृषि बिल जमा नहीं करवाया है व कर्मचारियों को खाली हाथ लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अक्टूबर, 2019 से बिजली के बिलों की सब्सिडी खत्म कर दी है। किसानों की मांग है कि सब्सिडी उनके बिलों में जमा हो। भाजपा सरकार के समय किसानों को 833 रुपए सब्सिडी दी जा रही थी।
एक माह से जारी है आंदोलन
नरेश व्यास के अनुसार इस मांग को लेकर एक माह 3 दिन से आंदोलन चल रहा हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने कोई कार्यवाही नहीं की। सर्दी के समय पाला किसान को मार गया व इसके बाद टिड्डी ने दम निकाल दिया। रही सही कसर पिछले दिनों हुई बारिश व ओलावृष्टि ने पूरी कर दी। किसानों की फसलें ही नहीं पक रही हैं, किसान बिजली का बिल कहां से भरे। मोखेरी में विरोध प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष नरेश व्यास, तहसील अध्यक्ष रामचंद्र पालीवाल, उपाध्यक्ष किशनलाल, लक्ष्मण पालीवाल, अमृतलाल, चंपालाल, सीताराम, परमसुख आदि मौजूद थे।