मथानिया : बारिश से प्रभावित हुई मसाला फसल जीरा की कटाई शुरू
मथानिया| किसान कितनी मेहनत कर अपनी फसलों को पनपाते हैं, फिर भी किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ कभी-कभार ही मिलता है। इस बार किसानों के खेतों में रबी फसलों में मसाला फसल मौसम की अनुकूलता के चलते काफी अच्छी स्थिति में थी। लेकिन बिगड़े मौसम के बीच अचानक बारिश के दौर चलने व तेज हवा के असर के कारण खेतों में हजारों हैक्टेयर भू-भाग पर खड़ी जीरे की फसल पूर्ण रूप से उसकी गुणवत्ता के साथ ही पैदावार इस बदले मौसम के कारण प्रभावित हुई। जुड़ के किसान भंवरलाल चौधरी ने बताया कि इस बार जीरा की फसल मौसम की अनुकूलता के चलते जबरदस्त थी, लेकिन पिछले दिनों अचानक बदले मौसम के बीच चले बारिश के दौर के साथ तेज हवा के कारण जीरा फसल की गुणवत्ता पूरी तरह से प्रभावित हो गई। अब किसान इस जीरा की फसल को जल्दी-जल्दी समेटने में जुट गया है ताकि समय पर फसल का उचित भंडारण कर उसे सुरक्षित रख सकें। किसानों ने बताया कि जीरा में रंग बदलने की शिकायत अधिक है। इस कारण क्षेत्र के जीरा उत्पादन करने वाले किसान में मायूसी छा गई हैं।