एमडीएमएच: नए ट्रोमा सेंटर के शुरू होने से पहले ही बिजली बाेर्ड में शार्ट सर्किट से आग
जोधपुर| मथुरादास माथुर अस्पताल में निर्माणाधीन ट्रोमा अस्पताल के अंडरग्राउंड में बुधवार को दोपहर करीब 1.50 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। ट्रोमा के शुरू होने से पहले ही अंडरग्राउंड में लगे लाइट के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ जिसके चलते उसके नीचे रखे एल्युमिनियम के सामान में आग लग गई। इससे ओपीडी और अस्पताल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। ओपीडी में कार्यरत होमगार्ड ने चुस्ती दिखाते हुए अग्नि शमन सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन करीब 5-7 सिलेंडर काम में लेने के बावजूद भी आग नहीं बुझी। बाद में आग बुझाने के लिए नगर निगम के फायर स्टेशन से पानी की गाड़ी बुलाई गई तो आग पर काबू पाया गया। ट्रोमा अस्पताल में आग लगने की सूचना सुनते ही डिप्टी अधीक्षक डॉ. पीके खत्री और कुछ देर बाद अधीक्षक डॉ. एमके आसेरी पहुंचे। तब तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन आग बुझने के बाद भी नए बन रहे ट्रोमा अस्पताल में हो रहे इलेक्ट्रिक के काम की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा कर गई।
कबाड़ गोदाम में लगी आग, दो दमकलों ने पाया काबू
जोधपुर| मेडिकल कॉलेज रोड स्थित रेलवे कॉलोनी के सामने बुधवार दोपहर एक कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग से गोदाम में पड़ा कबाड़ जलकर राख हो गया। सीएफओ संजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिली कि मेडिकल कॉलेज चौराहा के दायी तरफ रेलवे आवास कॉलोनी के सामने एक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई है। सूचना पर शास्त्रीनगर से दो तथा नागौरी गेट फायर स्टेशन से एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दो दमकलों ने करीबन एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया। आग की वजह से यातायात पुलिस की ओर से मेडिकल कॉलेज रोड के ट्रैफिक को कुछ समय के लिए डायवर्ट भी किया गया। आग से कबाड़ जलकर राख हो गया।
जाजीवाल कलां मे आग पर काबू पाया| होली पर जाजीवाल कलां गांव में एक डामर प्लांट में आग लग गई। इस दौरान सूचना मिलने पर कोणार्क कोर की दमकलें वहां पहुंची और आग पर काबू पा लिया। जल्दी ही आग पर काबू पाने से इसके पास 50 मीटर की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप को बचा लिया गया। वरना बड़ा हादसा हाे सकता था। यहां पर दोपहर डेढ़ बजे डामर के प्लांट में आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पास ही सेना के डिपो में दी। वहां से दमकलें मौके पर पहुंची और सेना के जवानों ने आग पर काबू पा लिया।
अंडरग्राउंड में शार्ट सर्किट से आग लग गई।