लेखक से मिलिए में कवि-कथाकार मीठेश निर्मोही का व्याख्यान 29 काे
जोधपुर| अंतर प्रांतीय कुमार साहित्य परिषद की ओर से 29 मार्च को गांधी भवन में “लेखक से मिलिए’ कार्यक्रम में राजस्थानी और हिंदी के कवि एवं कथाकार मीठेश निर्मोही का वक्तव्य “अनुवाद की आवश्यकता और समस्याएं’ एवं कविता पाठ का कार्यक्रम होगा। परिषद की महामंत्री डॉ. पद्मजा शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर 4 बजे होने वाले कार्यक्रम में मीठेश निर्मोही अनुवाद से संबंधित अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही अपनी राजस्थानी, हिंदी और अनूदित कविताओं का पाठ भी करेंगे। कहानीकार, कवि, आलोचक, अनुवादक, संपादक मीठेश निर्मोही अपनी रचनाओं के मूल में कहीं नारी की पीड़ा तो कहीं खो रहे गांव और रिश्तों की महक मिलती है और कहीं घटते मानवीय मूल्यों के प्रति चिंता झलकती है। इनकी 5 कृतियां प्रकाशित हो चुकी हैं और 40 से अधिक पुस्तकों में आपकी रचनाएं संकलित हैं। 150 से अधिक राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोष्ठियों एवं सम्मेलनों में सहभागिता निभा चुके हैं। 300 से अधिक साहित्यिक, सांस्कृतिक आयोजनों का संयोजन व संचालन कर चुके हैं।