पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • Jodhpur News Rajasthan News Notice Of Partial Cancellation Date Extended For Four Times In Three And A Half Months On The Way To Passengers Sitting On The Train

साढ़े तीन माह में चार बार बढ़ाई आंशिक रद्द की तारीख कन्फर्म टिकट ले ट्रेन में बैठे यात्रियों को रास्ते में दी सूचना

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मुरादाबाद रेल मंडल के रायवाला व ऋषिकेश स्टेशनों के बीच रखरखाव के चलते रेलवे ने 62 दिन तक ट्रेनों की आवाजाही बाधित रखने का फैसला लिया लेकिन यात्रियों को 107 दिन के लिए परेशान कर दिया। रेलवे की बेपरवाही के चलते जोधपुर के रास्ते बाड़मेर से ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन को बीते साढ़े तीन माह में चार बार अलग-अलग तारीखों में आंशिक रद्द किया गया है। गत तीन दिसंबर से यह ट्रेन अंबाला तक ही संचालित की जा रही है, जिसे 8 मार्च नियमित हरिद्वार व ऋषिकेश तक चलाया जाना था। होली के मौके पर लोगों को इन दोनों स्टेशन के लिए कन्फर्म टिकट भी दिए गए। जब यात्री ट्रेन में सवार होकर सफर पर निकल पड़े, तब बीच रास्ते में सूचना दी गई कि यह ट्रेन अब 18 मार्च तक आंशिक रद्द रहेगी। दरअसल, रेलवे ने गत अक्टूबर में ही तय कर लिया था कि ट्रेन संख्या 24888/24887 तीन दिसंबर, 2019 से 2 फरवरी, 2020 तक अंबाला व ऋषिकेश के बीच आंशिक रद्द रखी जाएगी। फिर यह तारीख 3 से 19 फरवरी, फिर 20 फरवरी से 7 मार्च तक बढ़ाई गई। इसी आधार पर रेलवे ने 8 मार्च से बाड़मेर व जोधपुर से यात्रियों को हरिद्वार व ऋषिकेश के टिकट देने शुरू कर दिए। होली 9 व 10 मार्च की थी तो यात्रियों ने इस ट्रेन में रिजर्वेशन भी करवा लिया। 8 मार्च को ट्रेन बाड़मेर व जोधपुर से रवाना हुई, उसके बाद यात्रियों को अंबाला तक ही सफर की जानकारी दी गई।

नहीं सुनी यात्रियों की गुहार

रेलवे ने जब आखिरी बार ट्रेन के 7 मार्च तक आंशिक रद्द रहने की सूचना दी थी तो उसके बाद 4 मार्च को यात्रियों ने सोशल मीडिया पर रेलवे से यह गुहार शुरू कर दी थी कि अब इसे आैर आंशिक रद्द मत करना। यात्री विष्णु संदेशा ने उसी दिन कहा था कि आशंका है, रेलवे इसे आगे बढ़ा देगा, प्लीज ऐसा मत करना।

बेपरवाही यह भी...ट्रेन की साफ-सफाई नहीं, चूहों से परेशान यात्री

जोधपुर से बांद्रा टर्मिनस जाने वाली सूर्यनगरी एक्सप्रेस का रैक जोधपुर से सराय रोहिल्ला जाने वाली ट्रेन से लिंक कर दिया है। ऐसे में ट्रेनों की साफ सफाई अब रेलवे की प्राथमिकता पर नहीं रह गई है। इन ट्रेनों में कॉकरोच और चूहों ने यात्रियों की नींद खराब कर रखी है। चूहों के सामान कुतरने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। यात्री कॉकरोच और चूहे के कुतरे बैग की फोटो तक रेलवे को भेज रहे हैं। होली की छुट्टी में सूर्यनगरी एक्सप्रेस के थर्ड एसी में सफर कर रहे एक यात्री के दो बैग चूहों ने कुतर दिए। यात्री ने शिकायत दर्ज करवाते हुए नुकसान का मुआवजा मांगा है।

खबरें और भी हैं...