अब पाली रोड की ओर भी खुलेगा नया सरकारी कॉलेज
सिटी रिपोर्टर. जोधपुर| पाली रोड की ओर विस्तार ले चुके नए जोधपुर के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कॉलेज की घोषणा की है। कुड़ी भगतासनी ग्राम पंचायत में मिलने वाले इस कॉलेज से क्षेत्र की 50 हजार आबादी को फायदा होगा। दरअसल, बासनी प्रथम चरण के अधिकांश इलाके कुड़ी भगतासनी ग्राम पंचायत में आते हैं। सबसे बड़ी ग्राम पंचायत में आवासन मंडल की कुड़ी भगतासनी योजना भी सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। क्षेत्र में कॉलेज का प्रस्ताव ग्राम पंचायत ने सरकार को भेजा था। सरपंच देवीसिंह सिसोदिया ने बताया कि पंचायत के प्रस्ताव पर मुहर लगवाने के लिए लूणी विधायक महेन्द्र विश्नोई से लगातार संपर्क करने और उनके मुद्दे को उठाने के कारण ही मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को यहां कॉलेज की घोषणा की। अब यहां के स्टूडेंट्स, खासकर लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए क्षेत्र से दूर नहीं जाना होगा। यह कॉलेज तनावड़ा अाैर सांगरिया ग्राम पंचायत के हजारों लोगों के लिए भी सुविधाजनक रहेगा।
शहर का सबसे पहला सरकारी कॉलेज चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में संचालित हो रहा है तो दूसरा गर्ल्स कॉलेज मगरा पूंजला क्षेत्र में है। अब तीसरा कॉलेज मिलने से शहर के सभी क्षेत्र सरकारी कॉलेज से जुड़ जाएंगे।