प्रदूषण फैला रही फैक्ट्रियां : कचरा सड़कों पर केमिकल खेतों में डाल रहे, जान गंवा रहे पशु
बोरानाडा (जोधपुर)| बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियां प्रदूषण फैलाने लगी हैं। उद्यमी कचरा बीच सड़क पर डाल रहे हैं। उद्योगों से निकलने वाला केमिकल खेतों में डाल रहे हैं। ऐसे में पशुओं की जान पर बन आई है। पशु मर भी रहे हैं। जगह-जगह मृत पशुओं के ढेर लगे हैं। डंपिंग यार्ड बनाने के बावजूद भी औद्योगिक इकाइयाें द्वारा यार्ड में कचरा न डालकर इधर-उधर फेंक रहे हैं। रीको द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के बाद भी रीको निष्क्रिय है। हालत यह है कि इन उद्यमियों को नोटिस तक नहीं दिए गए। कायदे से रीको चाहे तो उद्यमियों को 15 दिन का समय देकर नोटिस दे सकती है। फिर भी उद्यमी न मानें तो 2500 रुपए जुर्माना लगा सकता है। लेकिन रीको की सख्ती नहीं होने से उद्यमियों के हौसले बुलंद है। ग्रामीण श्रवण गोदारा ने बताया कि कई फैक्ट्रियों के मालिक कचरे को सड़क पर डाल देते हैं। बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र गंदगी में तब्दील हो रहा है।
मामला गंभीर है, तुरंत नोटिस देंगे
मामला गंभीर है। औद्योगिक इकाइयों के मालिकों को नोटिस दिए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले उद्योगों से जुर्माना भी वसूलेंगे।
-केआर अवस्थी, क्षेत्रीय उप प्रबंधक, रीको बोरानाडा
फैक्ट्रियों का कचरा और केमिकल खेतों में डाला जा रहा है। ऐसे में पशुओं की जान पर बन आई है।