रंग पंचमी गंगश्यामजी मंदिर में पांड्या नृत्य पर झूमे श्रद्धालु
जोधपुर | शहर के भीतरी क्षेत्र स्थित गंगश्यामजी मंदिर में शुक्रवार को रंग पंचमी पर पांड्या नृत्य का आयोजन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के संग केसर की होली खेली। मंदिर में रात आठ बजे पांड्या नृत्य शुरू हुआ। मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम शर्मा ने नागड़ाजी पांड्या का रूप धारण कर ‘पांड्याजी नाचे हरे हरे, पांड्योजी भांग पीवे हरे हरे...’ की स्वरलहरियों के साथ नृत्य किया। साथ ही कुसुमोत्सव का समापन हुआ। इसी तरह, रंग पंचमी पर छीपावाड़ी में राज राजेश्वरी मंदिर में होरिया व भजन गायन हुआ। इस दौरान रमेश माथुर, प्रेम प्रकाश, गेहरालाल, संपत, केदार, सूरज, विनोद, विनय रूप, विमल किशोर, जुगलकिशोर, महेंद्रलाल, राजेश, कमलेश, हर्ष रूप, आदित्य ने होरिया गायन किया और एक-दूसरे को गुलाल लगा होली खेली।