सरस बूथ संचालक 3 दिन में पेश करें दस्तावेज, वरना काट देंगे बिजली कनेक्शन
नगर निगम ने सरस बूथ का विवाद सामने आने आैर महिला के कार्रवाई नहीं करने पर हंगामा करते हुए पहली मंजिल से कूदने का प्रयास करने के बाद शहर के सभी सरस बूथ संचालकों को तीन दिन में सभी दस्तावेज जमा करवाने को कहा है। निगम उपायुक्त (राजस्व) अश्विनी के पंवार ने शुक्रवार को निगम सीमा स्थित सभी बूथ संचालकों को नोटिस देकर तीन दिन में दस्तावेज पेश करने की हिदायत दी है। उन्होंने बताया कि दस्तावेज जमा नहीं करवाने पर निगम अस्थाई स्वीकृति व बिजली कनेक्शन काटने की अनुशंसा करेगा। साथ ही अतिक्रमण मानते हुए बूथ को जब्त करने की कार्रवाई भी करेगा। उन्होंने बताया कि बकाया वसूली के लिए संचालक की अचल संपत्ति को भी कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
बकायादारों को भी अल्टीमेटम
निगम ने बकायादारों को बकाया कर जमा कराने का अंतिम मौका देते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उपायुक्त ने बताया कि जिन संपत्तियों की लीज राशि बकाया है वह सात दिनों में जमा नहीं की गई ताे संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 31 मार्च तक संपूर्ण बकाया लीज राशि जमा कराने पर ब्याज में शत प्रतिशत छूट दी है।