मंदिर में दान पात्र व चांदी के छत्र चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
कुछ दिन पूर्व पुलिस थाना क्षेत्र के लादू भोमियाजी के थान से दानपात्र व चांदी के छत्र चुराने के मामले में ओसियां पुलिस ने कार्यवाही करते हुए चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी बाबूराम डेलू ने बताया कि चैनाराम पुत्र पोकरराम विश्नोई निवासी हनुमान सागर हाणिया ने रिपोर्ट दर्ज करवाकर बताया था कि 1 मार्च की रात्रि में चोरों द्वारा लादू भोमियाजी के थान से दानपात्र व चांदी के छत्र चुरा ले गए है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए टीम गठित की। थानाधिकारी डेलू के नेतृत्व में एएसआई मोहनलाल, कांस्टेबल नाथूराम, धर्माराम की टीम गठित की। टीम ने चोरी के आरोपी मांगीलाल 45 पुत्र हीराराम व भंवरलाल 48 पुत्र मोहनराम जातियान गायणा निवासीगण हाणिया को दस्तयाब कर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने वारदात करना कबूल कर लिया। पुलिस ने चोरों की निशानदेही से चोरी किए चांदी के छत्र व नकदी बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक को भी बरामद किया। अनुसंधान के बाद दोनों चोरों को गुरुवार को ओसियां न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें सेंट्रल जेल जोधपुर भिजवाया।