पत्रकार बताकर ट्रोमा सेंटर में डाॅक्टरों को धमकाने वाले दो जने गिरफ्तार
बिलाड़ा. घटना के दौरान ट्रोमा सेंटर परिसर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
बिलाड़ा | ट्रोमा सेंटर बिलाड़ा में इलाज में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों ने बिलाड़ा थाने में अपने आप को पत्रकार बताने वाले तीन लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज करवाया। वहीं ट्रोमा सेंटर में घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व दो आरोपियों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि राजकीय ट्रोमा सेंटर प्रभारी डॉ. रामसुख माली व अन्य डॉक्टरों ने रिपोर्ट दी। उन्होंने आरोप लगा बताया कि मनोहरसिंह व उसके दो अन्य साथी जो स्वयं को पत्रकार बता रहे हैं, जब डॉक्टर कमरे में मरीजों देख रहे थे तब मोबाइल से फोटो व वीडियो बनाते हुए इलाज कार्य में बाधा डाली व इससे पहले इनके एक साथी ने गलत नाम से पर्ची बनाकर दिखाने की कोशिश की। थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि ट्रोमा सेंटर में लड़ाई-झगड़े की सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर भेजा। डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ के साथ झगड़ा कर रहे जोधपुर निवासी रघुराज उपाध्याय पुत्र महेश व विशाल मित्रा पुत्र दुलाल मित्रा बंगाली को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। मनोहरसिंह के खिलाफ पुलिस थाना महामंदिर में दुष्कर्म का मामला दर्ज है व उसमें वांछित भी है। गिरफ्तार युवकों के मोबाइल में कई जगहों की वीडियो क्लिपिंग मिली है, जिनकी जांच कर रहे हैं।