- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jodhpur
- Jodhpur News Rajasthan News Two Saras Booths Were Close By The Woman Tried To Jump Into The Corporation From The First Floor Shifting
दो सरस बूथ थे पास-पास, महिला का निगम में हंगामा पहली मंजिल से कूदने का किया प्रयास, की शिफ्टिंग
नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को एक महिला ने कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया और निगम कार्यालय के अंदर पहली मंजिल से कूदने का प्रयास किया। हालांकि आसपास खड़े लोगों ने महिला को पकड़कर कूदने से बचा लिया। इसके बाद निगम की अतिक्रमण शाखा ने शिकायत पर कार्रवाई कर आसपास लगे दो बूथ के बीच दूरी कायम की।
दरअसल निगम कार्यालय में एक महिला ने शिकायत दर्ज कर बताया था कि अशोक उद्यान के सामने वह केबिन चला रही है, लेकिन कुछ समय पहले एक और केबिन पास में ही लग गया। जबकि निगम के अनुसार दो केबिन पास-पास नहीं लग सकते हैं, उनके बीच 200 मीटर की दूरी होनी चाहिए। इस शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला चक्कर लगाती रही और उसे हर बार केवल आश्वासन दिया जाता रहा। गुरुवार को जब वह शिकायत लेकर पहुंची और फिर से आश्वासन मिला तो गुस्सा हो गई। पहले हंगामा किया फिर पहली मंजिल से नीचे कूदने का प्रयास किया। इधर, दूसरे पक्ष का कहना है कि उसके पास सारे दस्तावेज है। निगम और ट्रैफिक पुलिस की इजाजत से ही मार्च 2019 से यहां बैठे हैं। सारी प्रक्रिया पूरी की है। इस महिला के साथ भी समझाइश का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है और हमें यहां से हटाना चाहती है। हंगामे के बाद बूथ प्रभारी ने अतिक्रमण शाखा में दोनों केबिन में समान दूरी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व निरीक्षण निरंजन सीरवी और अतिक्रमण प्रभारी दीपक कन्नौजिया मौके पर पहुंचे और दोनों बूथ को अलग-अलग जगह पर शिफ्ट। पहला बूथ अशोक उद्यान के सामने गली नंबर दो व तीन के बीच और दूसरा बूथ केशव नगर गली 3 के बाहर लगाया।
आपसी सहमति से हो गया समाधान
एक दूसरे की शिकायत थी, जिस पर नोटिस दिए गए और सारी प्रक्रिया पूरी की गई। गुरुवार को एक ने हंगामा किया, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में सहमति बन गई और दोनों केबिन को समान दूरी पर सहमति से शिफ्ट कर दिया।
-सुमन राठौड़, प्रभारी, बूथ आवंटन विंग
निगम भवन के अंदर पहले तल से कूदने वाली थी महिला।
हंगामे के बाद महिला के साथ समझाइश करतीं निगम अधिकरी सुमन राठौड़।