11केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से युवक झुलसा, जोधपुर रेफर
_photocaption_बिजली की तार (गोल घेरे में) और छत जहां युवक करंट की चपेट में आया।*photocaption*
फलोदी| 11केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक बुधवार दोपहर घायल हो गया। सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया। उसकी हालत स्थिर बताई गई है। बुधवार दोपहर 2 बजे विमल थानवी पुलिस थाना के सामने पंचायत समिति की दुकानों की छत पर केबल ठीक कर रहा था तभी पास से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया। पंचायत समिति की दुकानों के पीछे की ओर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने बेरी का एक पेड़ लगा हुआ है जिस पर बेर लगे हुए हैं। केबल ठीक करने के दौरान ही युवक ने बेरी पर बेर लगे हुए देखे तो खाने का लोभ संवरण नहीं कर पाया। बेरी के पास से ही 11केवी बिजली की लाइन निकल रही है जो कि बेरी की टहनियों के बीच में आई हुई है। बेर तोड़ने के दौरान ही वह लाइन की चपेट में आ गया व नीचे गिर गया। उसे तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया व उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया। सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष पन्नालाल व्यास अस्पताल पहुंचे व युवक की कुशलक्षेम पूछी। वे घटनास्थल पर भी पहुंचे व नगरपालिका से जेसीबी मंगवा कर बेरी कटवा दी। सूचना पर डिस्कॉम के एईएन मोहनलाल बारल भी अस्पताल पहुंचे।