पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जोधपुर. अजमेर रोड पर रविवार सुबह एक बस व ट्रक की टक्कर में 2 महिला सहित 4 जनों की मौत हो गई जबकि 14 यात्री घायल हो गए। जोधपुर शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर बीनावास पुलिया पर हुए इस हादसे में अजमेर की तरफ से आ रहे ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के पश्चात ट्रक सड़क से नीचे उतर कर पलट गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जोधपुर लाया गया है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान लोक परिवहन की एक बस आज सुबह जोधपुर से अजमेर की तरफ जा रही थी। सुबह करीब नौ बजे बीनावास के समीप सामने से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार के साथ इस बस के एक तरफ आ टकराया। ट्रक की जोरदार टक्कर से बस में कोहराम मच गया और सभी यात्रा मदद के लिए चिल्लाने लगे। वहां से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू कर पुलिस को हादसे की जानकारी दी। बस में फंसे लोगों को बाहर निकाले जाने तक दो महिला व दो पुरुषों की मौत हो चुकी थी। 14 घायल यात्रियों को इलाज के लिए जोधपुर लाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) सहित आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए रवाना किया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.