- Hindi News
- National
- Karauli News Rajasthan News 26567 Candidates Included 640 Students Absent
26,567 परीक्षार्थी शामिल, 640 स्टूडेंट रहे अनुपस्थित
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड,अजमेर द्वारा कक्षा 10वीं की परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हुईं। पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर शांतिपूर्ण रूप से हुआ। जिसमें जिले के 108 परीक्षा केन्द्रों पर 640 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा विभाग के कंट्रोल रूम प्रभारी अशोक चरौरा ने बताया कि 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 27207 विद्यार्थी पंजीकृत हुए। जिसमें गुरुवार को पहले दिन प्रथम पारी सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक आयोजित अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 108 परीक्षा केन्द्रों पर 27207 में से 26567 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार डाइट के निर्देशन में आयोजित आठवीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा संचालन समिति के गिरीश गुप्ता ने बताया कि जिले में 28269 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। पहले दिन जिले के 127 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
हिंडौन सिटी | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर की गुरुवार से दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुई। परीक्षा के लिए जिले में 108 परीक्षा केन्द्र बनाए गए, जहां 27 हजार 207 विद्यार्थियों को पंजीकृत किया गया था। पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर हुआ।
पहले दिन 26 हजार 567 परीक्षार्थी शामिल हुए और 640 स्टूडेंट अनुपस्थित रहे। नकल की रोकथाम के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। जिले में 7 परीक्षा केन्द्रों को अतिसंवेदनशील व संवेदनशील घोषित किया गया है। जहां सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सभी केन्द्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी(माध्यमिक) भरतलाल मीना ने बताया कि दसवीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार 27 हजार 207 परीक्षार्थियों को पंजीकृत किया गया था। पहले दिन इस परीक्षा में 26 हजार 567 परीक्षार्थी शामिल हुए।
जिले के अतिसंवेदनशील और संवेदनशील केन्द्रों में शामिल टोडाभीम के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, कमालपुरा के राजकीय माध्यमिक स्कूल, नांगललाट के राजकीय माध्यमिक स्कूल, महस्वा के राजकीय सीनियर स्कूल, नांगललाट का सरकारी स्कूल सहित 7 परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी से हर गतिविधि की निगरानी रखी गई।
उड़नदस्ता टीम ने किया निरीक्षण: माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से गुरुवार से शुरु हुई दसवीं बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए बोर्ड द्वारा गठित उड़नदस्ते में शामिल अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विशेष उड़नदस्ता अजमेर के संयोजक जीतराम योगी ने बताया कि उडऩदस्ते में शामिल मदनमोहन शर्मा, धनराज मीना ने महू, क्यारदाखुर्द, हिंडौन के शांति निकेतन स्कूल, राजकीय बालिका सीनियर स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, अभय विद्या मंदिर स्कूल, कांचरौली का सीनियर स्कूल व रतनजिला के सीनियर स्कूल का निरीक्षण किया। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न होते हुई मिली।
परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
सूरौठ| शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक रिपुसूदन सिंह ने सूरौठ कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में स्थापित बोर्ड परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भरतपुर संयुक्त निदेशक रिपुसूदन सिंह ने केंद्र अधीक्षक गोपाल सिंह डागुर से व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। इस मौके पर संयुक्त निदेशक सिंह ने परीक्षा केंद्र के कमरों एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। केंद्र अधीक्षक गोपाल सिंह डागुर ने बताया कि कुल 408 परीक्षार्थियों में से केवल 1 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। पहले दिन अंग्रेजी का पेपर था। केंद्र अधीक्षक गोपाल सिंह एवं अन्य अध्यापकों ने आवश्यक निर्देश दिए।
करौली| पहले दिन पेपर देने के बाद प्रश्न पत्र के बारे में चर्चाएं करती हुई।
हिंडौन सिटी|दसवीं बोर्ड की परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी।