टोडाभीम| श्री केशवराय जी भगवान के मंदिर में भागवत कथा के शुभारंभ निकाली गई कलशयात्रा।
भास्कर न्यूज | टोडाभीम
उपखंड मुख्यालय जोशीपाड़ा स्थित केशवराय जी महाराज के मंदिर में रविवार को श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर विशाल कलशयात्रा निकाली गई जिसमें सैकडों महिलाओं ने बैंडबाजे के साथ नाचते गाते हुए नगर परिक्रमा की। इस दौरान भक्तों के द्वारा लगाए गए जयकारों से समूचा कस्बा गुंजायमान हो उठा।
कस्बे के जोशीपाड़ा स्थित श्री केशवराय जी महाराज के मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर निकाली जाने वाली कलशयात्रा की तैयारियों में आयोजन समिति के पदाधिकारी तड़के 4 बजे से ही जुटे हुए थे। प्रात: साढे 8 बजे शुरू होने वाली कलशयात्रा से पूर्व ही कलशों के साथ कलशयात्रा में शामिल होने के लिए महिलाओं का सुबह 7 बजे से ही यहां पहुंचना शुरू हो गया जिससे 8 बजे तक मंदिर के आसपास महिलाओं का हुजूम दिखाई देने लगा। कलश पूजन के बाद मंदिर से शुरू हुई कलशयात्रा समूचे कस्बे की परिक्रमा करते हुए दोपहर 12 बजे पुन: मंदिर पहुंच कर संपन्न हुई। कलशयात्रा में शामिल महिलाएं बैंडबाजे के साथ धार्मिक गीतों पर नाचते गाते हुए निकली वहीं पुरूष कलशयात्रा के साथ रामनाम संकीर्तन करते हुए पीछे पीछे चल रहे थे। इस दौरान युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान भक्तों के द्वारा लगाए गए जयकारों से समूचा कस्बा गुंजायमान हो उठा।