- Hindi News
- National
- Jat Nagla News Rajasthan News Chamunda Devi Fair Inundated Cultural Events Delighted
चामुंडा देवी मेले में उमड़ा सैलाब, सांस्कृतिक आयोजनों ने मन मोहा
चौबीसा क्षेत्र के गांव चिनायटा के चामुंडा देवी मंदिर पर होली दूज के अवसर पर वार्षिक मेला भरा। जिसमें आसपास क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से बडी संख्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पडा। मां चामुंडा के दर्शन कर मनौती मांगी और भोग प्रसादी चढाई गई। मेले मेें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हरियाणवी गायन रागिनी के कलाकारों ने आमजन को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंदिर के महंत एवं ग्रामीणों के अनुसार मंदिर पर देवी दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों का आना शुरू हो गया,जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिर पर लोगों ने धर्म पताकाएं चढाई और अपने परिवार की खुशहाली के लिए देवी मां से मनौतियां मांगी। मेले में अस्थाई दुकानें सजीं,जिन पर खेल-खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन, चाट-पकौडी सहित आदि सामान की महिला,पुरुष व बच्चों ने जमकर खरीदारी की। मेले में चिनायटा सहित हाडोली, शेरपुर, खेडीहैवत, खिजूरी, ढिंढोरा, सूरौठ, जगर, खानाका, खीपकापुरा, राराशाहपुर सहित चौरासी गांवों के लोगों ने भाग लिया।
ढिंढ़ोरा में भरा हनुमान मेला
ढिंढोरा| गांव में बुधवार को होली दूज पर हनुमान मेला परंपरागत तरीके से भरा। मेले में कई कार्यक्रम आयोजित हुए। शाम को डीजे व बैंड बाजों के साथ कई आकर्षक सजीव झांकियों के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। सजीव झांकियों ने ग्रामीणों का मन मोह लिया। इस दौरान युवाओं की टोली जमकर नृत्य किया और ग्रामीणों ने ठड्डा गायन का लुत्फ उठाया। महिलाओं ने जगह-जगह गुलाल-अबीर व पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।
शोभायात्रा बरगद वाली बगीची (रामदास आश्रम) के हनुमान मंदिर से शुरू हुई एवं गांव के प्रमुख रास्तों से होकर पुनः आश्रम में पहुंची। शोभा यात्रा के दौरान हनुमान जी, शिव-पार्वती, राम,लक्ष्मण,सीता,राधा-कृष्ण, नारद मुनि,डाकिन, डाकू सहित कई आकर्षक झांकियां निकाली गई। जिन्हें देखने के लिए ग्रामीणों का सैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में गांव के पंच-पटेल शामिल हुए। ठड्डा गायन पार्टियों के रूप में कई गांवों की मंडलियों ने भाग लिया।
नृसिंह जी के मेले में उमड़े श्रद्धालु
हिंडौन ग्रामीण/ गढीबांधवा| होली के पावन त्यौहार पर करौली मार्ग स्थित भगवान नृसिंह जी का वार्षिक मेले में श्रद्धालुओं ने भगवान नृसिंह जी के दर्शन किए। इस दौरान करौली सड़क पर यातायात व्यवस्था व मंदिर परिसर में दर्शनों की व्यवस्था बनाने के लिए सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।प्रति वर्ष की भांति सोमवार को आस्था थाम भगवान नृसिंह जी का विशाल मेला आयोजित हुआ। सुबह 3 बजे से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवक शुरू हुई।
सदर थाना प्रभारी विजय सिंह छौकर के नेतृत्व में मंदिर की परिक्रमा,गर्भग्रह,परिसर, मुख्यद्वार व सड़क पर पुलिस बल तैनात रहा।
मेले में महिलाओं ने की जमकर खरीदारी: मेले में मंदिर परिसर के बाहर घरेलू सामान, खिलौने, कपडे, सौंदर्य प्रसाधन, मिठाई, प्रसादी व मनोरंजन के समानों की दुकानें से महिलाओं व बच्चों ने जमकर कर खरीदारी की।
डूगरी वाले हनुमानजी पर उमड़े श्रद्धालु: देहात क्षेत्र के मनेमा की डूगरी स्थित हनुमानजी के दर्शनों के लिए 300 फिट ऊंची पहाड़ी पर चढ़कर हनुमानजी के दर्शन कर मन्नत मागी। क्षेत्र के सभी देवस्थानों, करील वाले हनुमानजी, सिद्ध बाबा, भैरव नाथ व देवी मंदिरों पर दिनभर ताता लगा रहा।
बरदाला में पीर बाबा के लगाया भंडारा
नादौती| बरदाला पीर बाबा के दाना-पुरी और सब्जी की प्रसादी का भंडारा लगाया। सुबह से ही श्रद्धालु प्रसादी तैयार करने में जुट गए। प्रात: 11 बजे सेवक कैलाशचंद मीना, अनिल कुमार गौतम ने विधि विधान से पीर बाबा की पूजा कर प्रसादी का भोग लगाया। इसके बाद भंडारा लगाया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पीर बाबा के जयकारे लगाकर प्रसादी ग्रहण की। होली के उपलक्ष्य में भंडारा श्रद्धालु हरकेश मीना, गुन्नाराम मीना निवासी बामनवास द्वारा लगाया गया। श्रद्धालु मनेश सैनी, तारा, आशीष, लाला राजपूत, लक्ष्मण सैन आदि ने प्रसादी वितरण में सहयोग किया।
पुरुषोत्तम आचार्य पहुंचे पाड़ला
टोडाभीम ग्रामीण| सिद्धाता आश्रम फरीदाबाद के संस्थापक जगद्गुरू स्वामी पुरुषोत्तम आचार्य के मंगलवार देर शाम पाड़ला स्थित सिद्ध बाबा की बगीची पर सैकड़ों भक्तों के साथ पहुंचे स्वामी का माला पहनाकर स्वागत किया गया। सामूहिक विवाह सम्मेलन के तहसील अध्यक्ष सुदामा शर्मा ने बताया कि स्वामीजी का सिद्ध बाबा की बगीची में पूजा अर्चना की गई। इसके बाद प्रसादी वितरित की गई। इसके बाद स्वामी सुदामा पुरी पहुंचे जहां परिवार के सदस्यों सहित ग्रामीणों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस मौके फरीदाबाद से शकुन रघुवंशी, पूर्व सरपंच बाबूलाल मीणा, लोनी औद्योगिक क्षेत्र दिल्ली के अध्यक्ष सुबोध शर्मा, राधेश्याम शर्मा, सुबोध नीरज सहित कई लोग उपस्थित थे।
मैत्री मैच हिंडौन स्टार स्पोटर्स ने जीता
हिंडौन ग्रामीण| हिंडौन स्टार स्पोटर्स क्लब हिंडौन सिटी के तत्वाधान में डी.सी.ए. करौली क्लब व हिण्डौन स्टार स्पोटर्स हिण्डौन के मध्य मैत्री मैच राजीव गांधी खेल संकुल करोली के मैदान में हुआ। करौली क्लब टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ऑवर में 180 रन बनाए। हिण्डौन स्टार स्पोटर्स टीम ने आखरी ऑवर में दो गेंद शेष रहते हुए मैच जीत लिया। सर्वाधिक रन 70 रक्षित चतुर्वेदी ने तथा सर्वाधिक विकेट 3 महेश मीना ने लिए।
आयकर जानकारी के लिए सेमिनार
करौली| करदाताओं को नवीनतम आयकर प्रावधानों से अवगत कराने के लिए आयकर विभाग द्वारा गुरुवार को दोपहर 3 बजे अग्रवाल समा सदन में एक दिवसीय सेमीनार आयोजित की जाएगी। आयकर अधिकारी एचआर मीणा ने बताया कि कार्यशाला में आयकर के नवीनतम प्रावधानों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
फसल खराब के मुआवजा देने की मांग
नादौती| टोडाभीम विधान सभा क्षेत्र के विधायक पृथ्वीराज मीना ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र भेजकर टोडाभीम विधान सभा क्षेत्र में ओलावृष्टि होने से सरसों, गेहूं व चना आदि की फसल में हुए नुकसान का मुआवजा दिये जाने की मांग की है। विधायक द्वारा सीएम को भेजे पत्र में उल्लेख है कि टोडाभीम विधान सभा क्षेत्र भारी ओलावृष्टि हुई है।
कांचरोली| हनुमान मेले में झांकी देखने उमड़े लोग।
मेहंदीपुर बालाजी| बालाजी महाराज के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब।
नादौती| बरदाला पीर बाबा के मंदिर में लगाए भंडारे में प्रसादी ग्रहण करते श्रद्धालु।
हिण्डौन ग्रामीण| मणमाकी डूंगरी के हनुमानजी मंदिर में श्रद्धालुओं की दर्शन के लिए दिन भर भीड़ रही।