- Hindi News
- National
- Karauli News Rajasthan News College For Masalpur And Sapotra For Agricultural Accessory Market
मासलपुर को कॉलेज और सपोटरा को कृषि गौण मंडी की सौगात
करौली|राज्य सरकार ने करौली जिले को कई सौगातें दी हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान विधानसभा में वित्त एवं विनियोग विधेयक पर जवाब के दौरान बजट वर्ष 2020-21 में करौली जिले के लिए कई घोषणाएं की। जिसमें सपोटरा उपखंड में नवीन कृषि गौण मंडी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सपोटरा एवं मंडरायल में 30 बेड से बढ़ाकर 50 पलंग में अस्पतालों को क्रमोन्नत करने तथा सपोटरा में आगामी वित्तीय वर्ष में नगर पालिका की स्थापना किए जाने की घोषणा शामिल है। वहीं करौली विधानसभा क्षेत्र की नवसृजित पंचायत समिति मासलपुर में राजकीय महाविद्यालय का तोहफा भी शामिल है।
दरअसल, मासलपुर में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर करौली विधायक लाखनसिंह ने विधानसभा में पुरजोर पैरवी की थी। वहीं सपोटरा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का श्रेय स्थानीय विधायक एवं राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेशचंद्र मीणा को है। लिहाजा, सपोटरा विधायक रमेशचंद्र मीणा और करौली विधायक लाखन सिंह की पहल जिले के विकास की दिशा में रंग लाई है।