- Hindi News
- National
- Sapotara News Rajasthan News Complaint To The Food Minister Of Irregularity Of Panchayat Personnel
पंचायत कार्मिकों की अनियमितता की खाद्य मंत्री से शिकायत
नारौली (सपोटरा)|ग्राम पंचायत नारौली डांग के ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल सरपंच रानी मीणा के नेतृत्व में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेशचंद मीणा से मिला तथा पंचायत का रिकोर्ड दिलाने के साथ गत पांच वर्षों में हुए निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराने सहित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया गया।
ग्रामीण लखन, राकेश, हेमराज, राधेश्याम, मोतीराम, चिरंजी पटेल, कुंजी, राजेश, श्यामलाल, विजय मीणा आदि ने बताया कि 17 जनवरी को हुए सरपंच पद के चुनाव में रानी मीणा सरपंच निर्वाचित हुई थी। लेकिन पूर्व सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा अभी तक ग्राम पंचायत का रिकोर्ड नही दिया गया।
ग्राम विकास अधिकारी से रिकोर्ड अवलोकन के लिए उपलब्ध कराने पर पंचायत समिति के जेईएन के पास रिकोर्ड होना बताया जा रहा है। दूसरी ओर पंचायत में मनरेगा का कार्य चालू नही होने के कारण लोगों को रोजगार से वंचित रहना पड़ रहा है। शिष्टमंडल ने गत पांच वर्षों में हुए संपूर्ण निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराने,ग्राम विकास अधिकारी व कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ कार्यवाही करने,पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी व कनिष्ठ लिपिक लगाने तथा पंचायत का संबंधित रिकोर्ड विकास अधिकारी द्वारा दिलाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी द्वारा धरातल पर अधिकांश कार्य नही कराकर अनियमितता बरती गई है। जिस पर खाद्य मंत्री से आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया है।