मासलपुर में खुलेगा राजकीय महाविद्यालय
मासलपुर/करौली| विधायक लाखनसिंह कटकड़ के प्रयासों से कस्बे में पंचायत समिति के बाद राजकीय महाविद्यालय खुलने का तोहफा मिला है। इससे क्षेत्र में विकास की राह आसान होगी। वहीं अब क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। इस पर ग्रामीणों ने विधायक लाखनसिंह कटकड़ का आभार जताया है।
गौरतलब है कि मासलपुर डांग क्षेत्र के गांवों में उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षण व्यवस्था रहने से उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को अन्यत्र जाने के लिए विवश होना पड़ रहा था।
वहीं बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्यत्र पढ़ाई के लिए भेजने में अभिभावक कतरा जाते। ऐसे हालात में क्षेत्र में उच्च शिक्षा का स्तर बढ़ नहीं पाया। इस संबंध में ग्रामीणों के साथ - साथ कांग्रेस की जिला महा सचिव अनीता मीना ने मासलपुर में कॅालेज स्वीकृत कराने की मांग भी लम्बे समय से की जा रही थी। गत दिनों मासलपुर आए विधायक लाखनसिंह कटकड़ से ग्रामीणों ने मासलपुर में कॅालेज स्वीकृत कराने की मांग को प्रमुखता से रखा गया। इस पर विधायक ने बताया कि जनता की मांग को उन्होंने मुख्यमंत्री महोदय के सामने प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि मासलपुर में राजकीय महा विद्यालय की स्वीकृति हो गई है।