महेश और नीलम बने दंगल केसरी
नारौली (सपोटरा)| ग्राम पंचायत नारौली डांग के चिंताहरण हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को फूलडोल मेले के अवसर पर कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें पुरुष वर्ग में पहलवान महेश बयाना तथा महिला वर्ग में नीलम मथुरा ने दंगल केसरी का खिताब जीता। सरपंच रानी मीणा ने बताया कि कुश्ती दंगल में कुल 32 कुश्ती लड़ी गई। जिसमें आखिरी कुश्ती 6100 रुपए की पहलवान महेश बयाना ने श्याम पहलवान मथुरा, द्वितीय 5100 रुपए की कुश्ती गजेंद्र पहलवान भरतपुर ने रमेश उज्जैन तथा तृतीय कुश्ती में पहलवान मनफूल जोड़ली ने पप्पू मीना को हराकर जीती। महिला वर्ग में प्रथम 5100 रुपए की कुश्ती नीलम मथुरा ने पूजा दिल्ली तथा द्वितीय 3500 रुपए की कुश्ती नीलम ने सोनी दिल्ली को पराजित कर दंगल केसरी का खिताब जीता। रैफरी सुरेश भण्डारीपुरा रहे। विजेता पहलवानों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।