सांसद मनोज राजोरिया ने गडकरी से की मुलाकात
करौली| करौली-धौलपुर सांसद डॉ.मनोज राजोरिया ने गुरुवार को नईदिल्ली में केन्द्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से खास मुलाकात की। उन्होंने नेशनल हाइवे सहित क्षेत्र की कई सडक संबंधी मांगों से अवगत कराया, जिस पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन मिला।
सांसद राजोरिया ने बताया कि मंत्री गडकरी को मुलाकात के दौरान अक्टूबर 2016 में करौली जिला मुख्यालय पर आयोजित विशाल जनसभा के दौरान की गई सड़क संबंधी प्रमुख घोषणाओं के संबंध में ध्यान दिलाया। जिसमें प्रमुख रूप से फिरोजपुर झिरका (हरियाणा) से पहाड़ी-नगर-खेडली-महुआ-हिण्डौन-करौली-मण्डरायल (राजस्थान) होते हुए मुहाना (मध्यप्रदेश) को जोडने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग तथा इसी प्रकार आगरा-जगनेर-बसेड़ी-मासलपुर-कैलादेवी-सवाई माधोपुर को नेशनल हाइवे के रूप में विकसित करने की घोषणा थी। इसके अतिरिक्त धौलपुर जिला मुख्यालय पर शहर के बीचों बीच से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 3 (जी.टी. रोड) को ऊपर उठाकर बनाने के कारण धौलपुर शहर दो भागों में विभक्त हो गया है। इसके लिए उन्होंने चौपड़ा मंदिर चौराहे पर अंडरपास बनाने तथा गुलाब बाग चौराहे की तरह ही मचकुण्ड चौराहे पर 3 पर ओवर ब्रिज निर्माण की मांग की।