दांडी यात्रा पर निकाली प्रभातफेरी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर देशभर में चल रहे विभिन्न आयोजनों के तहत गुरुवार को गांधीजी की दांडी यात्रा की वर्षगांठ के अवसर पर राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार स्थानीय प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सदस्य और नगर परिषद उपसभापति नफीस अहमद ने बताया कि गुरुवार को सुबह 7 बजे नगर परिषद प्रांगण में स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता उप जिला कलेक्टर सुरेश चंद यादव ने कहा कि गांधीजी के विचार हर वर्ग, देश और काल में प्रासंगिक रहेंगे। हम सबको उनके आदर्शों पर चलते हुए एक अच्छे समाज की परिकल्पना को साकार करना होगा। शिक्षाविद छैल बिहारी पाठक ने इस अवसर पर गांधी जी के भजन सुना कर माहौल को गांधीमय बना दिया। विचार गोष्ठी के बाद दांडी यात्रा की वर्षगांठ पर उप जिला कलेक्टर सुरेश यादव के नेतृत्व में प्रतीकात्मक दांडी मार्च भी निकाला गया। कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कैलाश मीणा सहित कई शिक्षाविद और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीणा ने शहर को गांधीजी के सपनों के अनुरूप स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया।
जिले में 2 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए समिति गठित
हिंडौन सिटी। दांडी यात्रा की वर्षगांठ पर निकाली प्रभातफेरी।
करौली| अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती वर्ष का आयोजन 2 अक्टूबर तक किए जाने के लिए जिले में ब्लॉक स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों के लिए समिति गठित की गई है, जिसमें ब्लाक स्तर पर उपखंड अधिकारी को अध्यक्ष, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को सदस्य सचिव एवं प्रधानाध्यापक, अध्यापक, ब्लॉक स्तरीय स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिले के संयोजक एवं सहसंयोजक को सदस्य के लिए समिति में शामिल किया गया है। एडीएम तोमर ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रंखला में 13 मार्च को गांधी भजन, देश भक्ति गीत प्रतियोगिता, 14 को नुक्कड़ नाटक एवं पारम्परिक खेलकूद प्रतियोगिता, 15 को चित्रकला एवं पारम्परिक खेलकूद प्रतियोगिता, 16 को निबंध एवं पारम्परिक खेलकूद प्रतियोगिता, 17 को भाषण, काव्य, कविता प्रातियोगिता एवं 18 मार्च को महापुरुषों पर आधारित रूप धरो प्रतियोगिता एवं सेमीनार का आयोजन किया जाएगी।