- Hindi News
- National
- Suronth News Rajasthan News Procession With Sanjeev Tableau At Hanuman Fair In Dhursi Dhara Banwaripur
धुरसी-ढहरा-बनवारीपुर में हनुमान मेले में संजीव झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा
सूरौठ/हिंडौन ग्रामीण/श्रीमहावीरजी ग्रामीण(हिंडौन सिटी)| होली त्योहार के बाद देव स्थानों पर मेला आयोजन शुरु हो गया है। गुरुवार को धुरसी, ढहरा व बनवारीपुर के हनुमान मंदिरों पर मेला भरा। मेले के दौरान सजीव झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मेले में दर्शनों के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
गांव धुरसी में गुरुवार को हनुमान मेला परंपरागत तरीके से आयोजित किया गया। हनुमान मेले के दौरान बैंड बाजों एवं आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। झांकियों को देखने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। सजीव झांकियों ने ग्रामीणों का मन मोह लिया। मेले के दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मेले का शुभारंभ गांव के पंच पटेलों ने हनुमान मंदिर में भोग लगाकर किया। मेले के अवसर पर गांव में अस्थाई दुकानें सजाई गई जिन पर ग्रामीणों ने दिनभर खरीददारी की। बैंड बाजों एवं आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा हनुमान मंदिर से शुरू हुई तथा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर पहुंची।
शोभायात्रा में शिव पार्वती, राम लक्ष्मण, हनुमान जी, गणेश , ब्रह्मा विष्णु महेश सहित कई धार्मिक झांकियां निकाली गई। झांकियों को देखने के लिए भीड़ छतों पर उमड़ पड़ी। शोभायात्रा में गांव के सर्व समाज के पंच पटेल शामिल हुए। इसी तरह बनवारीपुर के हनुमान मेले के उपलक्ष्य में निकाली गई झांकियां लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। मोहनसिंह अध्यापक ने बताया कि गाँव के हनुमान मन्दिर पर सुबह से ही दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। मेले के उपलक्ष्य में कई सजीव झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई ।
शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इसी तरह ढहरा में भी हनुमान मेले में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विभिन्न झांकियों के साथ निकाली गई शोभायात्रा के दौरान भगवान के जयकारों से आसमान गूंज उठा। मेले के उपलक्ष्य में मंदिर के बाहर लगाई गई अस्थायी दुकानों से लोगों ने खरीदारी की। रात्रि को नौटंकी का आयोजन किया गया।
सिद्ध बाबा का मेला आयोजित
सूरौठ| गांव जटवाड़ा में सभी ग्राम वासियों के सहयोग से सिद्ध बाबा का मेला आयोजित किया गया। मेले के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैंड बाजों एवं आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। झांकियों को देखने के लिए ग्रामीणों का सैलाब उमड़ पड़ा।
मेले का शुभारंभ गांव के पंच पटेलों ने सिद्ध बाबा के मंदिर में भोग लगाकर किया। शोभा यात्रा के दौरान राम लक्ष्मण, भगवान परशुराम, राम सीता, शिव शंकर सहित कई झांकियां निकाली गई। शोभा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गो से होती हुई सिद्ध बाबा मंदिर के पास पहुंची। शोभा यात्रा में सर्व समाज के पंच पटेल शामिल हुए। बैंड बाजों की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया।
शिव गौरक्ष प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम
बालघाट| क्षेत्र की ग्राम पंचायत के गांव बदलेटा बुजुर्ग में आम बस्ती के द्वारा सिद्ध आश्रम पर शिव परिवार एवं गोरक्षनाथ प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पंडित गोपाल शास्त्री नांगल शेरपुर के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से करवाया गया। स्थानीय निवासी बाबूलाल योगी एवं राकेश योगी ने बताया कि कार्यक्रम में संपूर्ण गांव के महिला-पुरुष मौजूद रहे इस अवसर पर सभी को बूंदी दाने की प्रसादी वितरित की गई है।
श्रीमहावीरजी ग्रामीण| हनुमान मेले के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा में शामिल झांकी।