- Hindi News
- National
- Kariri News Rajasthan News The Vehicle Which Crushed The Young Man Is Not Yet Known Due To Lack Of Cctv
सीसीटीवी न होने से युवक को कुचलने वाली गाड़ी का अभी नहीं लगा पता
50 से ज्यादा सीसीटीवी की है जरूरत...जीरकपुर शहर में नेशनल हाईवेज पर करीब 5 ऐसे प्वाॅइंट्स हैं जहां सीसीटीवी लगाने की जरूरत है। मैक्डोनाल्ड चौक से लेकर चंडीगढ़ बैरियर और पंचकूला व पटियाला रोड के अलावा पीआर 7 पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की जरूरत है।
जीरकपुर-पंचकूला रोड पर होली की रात एक अज्ञात व्यक्ति को जिस इनोवा कार ने कुचला, उसका पता पुलिस नहीं लगा सकी है। पुलिस का यह काम आसान हो जाता अगर यहां इस रोड पर सीसीटीवी लगे होते। पूरे जीरकपुर में इस तरह के कई
मामले सामने आते हैं जिसमें एक्सीडेंट करने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाती है। यहां सीसीटीवी लगाने की जरूरत है।
ढकोली पुलिस की ओर से इस रोड पर निजी बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं ताकि यहां इस हादसे के लिए जिम्मेदार इनोवा कार का पता चल सके। इसी तरह का हादसा दो साल पहले यहां आरओबी के उपर भी हुआ था। तब सुबह के समय सैर करने घर से निकले बाप-बेटे को एक मिनी ट्रक ने कुचल दिया था। उस हादसे में भी ट्रक को पकड़ने के लिए पुलिस ने यहां सीसीटीवी का सहारा लेना चाहा पर यहां यह सुविधा नहीं मिली। बाद में एक अज्ञात व्यक्ति की सूचना पर ट्रक चालक पकड़ा गया था।
जीरकपुर में लगे 8 कैमरे बने शोपीस : जीरकपुर-अंबाला हाईवे पर बने फ्लाईओवर के ऊपर व नीचे सर्विस लेन पर कुल 8 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनका कंट्रोल रूम ट्रैफिक पुलिस चौकी में रखा गया था। जब ये काम कर रहे थे तब पुलिस को शहर के इन प्वाॅइंट्स पर होने वाले ट्रैफिक जाम के अलावा एक्सीडेंट का भी पता चलता था। हादसे के तुंरत बाद पुलिस वहां पहुंच पाती थी। अब करीब 4 साल से ये सीसीटीवी बंद पड़े हैं। यहां इनको चालू करने के लिए पुलिस ने जीरकपुर एमसी को कई बार लिखा पर एमसी
इनको न तो ठीक कर रही है, न ही यहां नए सीसीटीवी लगा रही है।
इनोवा के टूटे पार्ट्स से ही पुलिस जांच करने की कोशिश कर रही है।
पंचकूला रोड पर जिस इनोवा कार से व्यक्ति कुचला गया, उस गाड़ी के बारे में पता नहीं चल सका है। इस रोड पर बनी बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं।
-सुमित मोर, एसएचओ थाना ढकोली