- Hindi News
- National
- Suronth News Rajasthan News Water Filled In Under Pass 20 Villages Closed For Two Months
अंडर पास में भरा पानी, दो माह से 20 गांवों का रास्ता बंद
कस्बे में सिंगीतोड़ा ढाणी के पास रेल अंडरपास में तलाई का पानी भर जाने की वजह से करीब 20 गांवों का आवागमन 2 महीने से बंद चल रहा है। बाई जट्ट मार्ग पर आवागमन बंद होने के कारण ग्रामीणों को फेरा लगाकर धुरसी फाटक से निकलना पड़ रहा है। इस संबंध में लोगों ने रेल विभाग के
अधिकारियों एवं प्रशासन से समस्या का समाधान करवाने की मांग की है।
दिल्ली-मुंबई रेल लाइन पर सिंगी तोड़ा ढाणी के पास सूरौठ बाई जट्ट मार्ग पर स्थित रेल अंडर पास 2 महीने से पानी से लबालब भरा हुआ है। सिंगी तोड़ा ढाणी में बनी हुई तलाई का पानी ओवरफ्लो होकर रेल अंडर पास में भर गया है। ग्राम पंचायत की ओर से बनाई गई तलाई में सूरौठ कस्बे का पानी जाता है। तलाई की भराव क्षमता ज्यादा नहीं होने की वजह से पानी ओवरफ्लो होकर रेल अंडर पास एवं आसपास के क्षेत्र में जमा हो गया है।
सूरौठ कस्बे के फतेह सिंह पुरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेल अंडर पास में पानी भर जाने के कारण 2 महीने से ग्रामीणों का आवागमन बंद है। अंडर पास में लंबे समय से पानी रहने की वजह से बाई जट्ट, अड्डा, खूंट खेड़ा, बंजारों का नंगला सहित करीब 20 गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को फेरा लगाकर धुरसी फाटक से होकर निकलना पड़ रहा है। दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव अधिक होने की वजह से धुरसी फाटक अधिकतर समय बंद रहता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है।
सूरौठ| सिंगी तोड़ा ढाणी के पास रेलवे अंडर पास में पानी भरने से 20 गांवों का आवागमन बंद है।