- Hindi News
- National
- Rupangarh News Rajasthan News Badshah39s Ride Gulal Looted With Open Arms
बादशाह की निकली सवारी, खुले हाथाें से लुटाई गुलाल
पुराना शहर स्थित शिव मंदिर से धुलंडी के दिन मंगलवार को बादशाह बोहराजी की सवारी परंपरागत रूप में धूमधाम से निकाली गई। सवारी देखने के लिए शहरवासियांे की भीड़ उमड़ पड़ी। जमकर गुलाल खेला गया। बादशाह ने डेढ़ टन गुलाल उड़ाई। सुरक्षा के तहत पुलिस प्रशासन तैनात रहा।
शिव नवयुवक मंडल के अध्यक्ष बिशनलाल ने बताया कि बोहराजी की सवारी सुबह सवा नौ बजे धानमंडी स्थित शिवजी मंदिर से विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ शुरू हुई। विकास समिति के पदाधिकारियों ने बादशाह का माल्यार्पण कर सवारी को रवाना किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया और विशिष्ट अतिथि पार्षद परमेंद्र जोशी थे। सवारी पुराना शहर व नया शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। इसमें बादशाह व बिरबल ने गुलाब के फूलो सहित अबीर व गुलाल के साथ अपनी प्रजा के साथ होली खेली। बोहराजी की सवारी में बीरबल नृत्य की सुंदर प्रस्तुति देतेे हुए तथा शहर वासियों पर अबीर गुलाल की वर्षा करते हुए चल रहे थे। बोहरा जी की सवारी में शिव जी का प्रतीक चिह्न लेकर अश्वारोही चल रहे थे। बादशाह बने धर्मेंद्र शर्मा, बीरबल जनक सोनी, शिव का स्वरूप गौरीशंकर अन्य झांकियांे में आनंद सोनी, विक्की सोनी व अन्य कलाकारों ने रंगों व अबीर गुलाल से शहरवासियों को होली खिलाई। बादशाह की सवारी पुराना शहर के मुख्य मार्गों तथा नया शहर के मुख्य मार्गों से होकर निकाली गई। पांच घंटे तक पुराना शहर व नया शहर में जमकर होली का धमाल मचा। आगे-आगे अश्वारोही शिव पताका लिए चल रहे थे। पीछे खुशहाल प्रजा अपने जीवन के विभिन्न रंगों को दर्शाते हुए चल रही थी। जगह-जगह ठंडाई का आयोजन किया गया। इसे देखने के लिए पूरा शहर उमड़ा हुआ था। बोहराजी की सवारी का जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत किया। इस दौरान शिव नवयुवक मंडल के नारायण सिंह खंगारोत, अजीत भंडारी, महेश सोनी, करण सोनी, सुनील मेहता, लक्ष्मण सोनी, कालू वैष्णव, कमली सोनी, नरेंद्र सोनी, नवीन सोनी, देव मेहरा, आकाश कुमावत अादि शामिल थे। रूपनगढ़ कस्बे में मंगलवार को परम्परागत बादशाह की सवारी सजे धजे ऊंट पर बैंड-बाजों के साथ बोहराजी के चबूतरे से आरंभ हुई। मुख्यबाजार, गढ़ का दरवाजा से बस स्टैंड होते हुए थाना में पहुंची, जहां पर परम्परानुसार अगवानी कर नजराना पेश किया।
मदनगंज किशनगढ़. पुराना शहर में बादशाह की सवारी निकालते हुए।